Ranveer Singh पर FWICE ने लगाया 'बैन', 'Don' ना बनना 'धुरंधर हीरो' को पड़ा महंगा; फरहान ने कर दी फजीहत
डॉन 3 (Don 3) को छोड़ना रणवीर सिंह (Ranveer Singh) को भारी पड़ गया है। अभिनेता पर फिल्म वर्कर्स ने प्रतिबंध लगा दिया है।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। डॉन 3 का विवाद (Don 3 Controversy) थमने का नाम नहीं ले रहा है। जब से रणवीर सिंह (Ranveer Singh) ने फिल्म से अचानक किनारा किया है, तभी से फरहान अख्तर के साथ उनकी अनबन की खबरें आ रही हैं। पहले फरहान ने कानूनी कार्रवाई की और फिर फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) से शिकायत की।
अब FWICE ने एक्शन लेते हुए रणवीर सिंह पर बैन कर दिया है। डॉन 3 के विवाद के बीच सोमवार को FWICE ने स्टेटमेंट जारी करते हुए रणवीर के खिलाफ 'नॉन-कॉपरेशन' का आरोप लगाया है। फरहान, रणवीर के खिलाफ शिकायत लेकर अप्रैल महीने में FWICE के पास गए थे।
फरहान ने की थी शिकायत
सोमवार को हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में FWICE के मुख्य सलाहकार और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित ने उन घटनाओं का पूरा ब्योरा दिया जिनके चलते फेडरेशन ने रणवीर के खिलाफ 'असहयोग' का निर्देश जारी किया। अशोक पंडित के मुताबिक, यह मामला 11 अप्रैल का है, जब फरहान अख्तर ने FWICE में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
तीन हफ्ते पहले छोड़ी थी फिल्म
अशोक पंडित ने आगे कहा, "एसोसिएशन के प्रमुख के तौर पर मुझे वह शिकायत मिली। अपनी शिकायत में उन्होंने कहा कि वह हमसे मिलना चाहते हैं और अभिनेता रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत में यह आरोप लगाया गया है कि रणवीर सिंह ने शूटिंग यूनिट के रवाना होने से ठीक तीन हफ्ते पहले ही 'डॉन 3' से अपना नाम वापस ले लिया, जिससे इस प्रोजेक्ट में काफी बाधा उत्पन्न हुई।

रणवीर सिंह ने नहीं दिया था कोई जवाब
फरहान अख्तर और प्रोड्यूसर रितेश सिधवानी की फेडरेशन से करीब 2 घंटे मीटिंग हुई और उनकी दिक्कत सुनी गई। रणवीर सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए तीन बार हर 10 से 15 दिन में रिमाइंडर भेजकर अपनी बात रखने का मौका दिया गया। हालांकि, एक्टर की तरफ से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया।
हालांकि, जब फेडरेशन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का ऐलान किया तो आखिरकार रणवीर सिंह की टीम ने एक ईमेल भेजा, जिसमें उन्होंने इस मामले में FWICE के अधिकार क्षेत्र पर सवाल उठाया और कहा कि फेडरेशन के पास इस विवाद में दखल देने का कोई कारण नहीं है। फेडरेशन ने कहा है कि उनके इस फैसले का फिल्म से जुड़े सितारे सपोर्ट करें।