Vande News
Uttar Pradesh

यूपी में 3 फीट जमीन के विवाद में 8 साल के मासूम की हत्या, मां के सामने चाचाओं ने रेता गला

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 month ago
Share:
यूपी में 3 फीट जमीन के विवाद में 8 साल के मासूम की हत्या, मां के सामने चाचाओं ने रेता गला

जागरण संवाददाता, लखीमपुर खीरी। तारा नगर गांव में तीन फीट जमीन के विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। गुरुवार की देर रात मां के सामने ही आठ वर्षीय बालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।


आरोप है कि वारदात को बच्चे के दो चाचाओं ने अंजाम दिया। विरोध करने पर मां पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।तारा नगर गांव निवासी ज्ञानवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति रामप्रसाद का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।


गुरुवार रात वह अपने आठ वर्षीय पुत्र रवि के साथ छप्परनुमा घर में सो रही थीं। रात करीब पौने दो बजे आहट होने पर उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा, लेकिन कोई दिखाई नहीं दिया। इसके बाद वह दोबारा सो गईं।आरोप है कि कुछ देर बाद उनके पति के चचेरे भाई सियाराम और हरेराम वहां पहुंचे।


सियाराम ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि हरेराम ने मच्छरदानी के भीतर सो रहे रवि पर चाकू से हमला कर दिया। गर्दन पर वार होने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मां के विरोध करने पर आरोपितों ने उनकी गर्दन और दाहिने हाथ पर भी चाकू से कई वार किए। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।


परिजन घायल मां-बेटे को एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रवि ने दम तोड़ दिया। घायल महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है।


पुलिस के अनुसार जमीन के छोटे से हिस्से को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।


प्रभारी निरीक्षक अवध राज सिंह सेंगर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है।


Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →