Vande News
Uttar PradeshBreaking

UP Weather: आंधी-बारिश से दहला यूपी... 5 जिलों में 13 मौतें, खंभे-पेड़ गिरे, रेल ट्रैक बाधित, फिर मोबाइल पर 24 घंटे का Alert

V
Vande News
||5 min read|Updated 6 hours ago
Share:
UP Weather: आंधी-बारिश से दहला यूपी... 5 जिलों में 13 मौतें, खंभे-पेड़ गिरे, रेल ट्रैक बाधित, फिर मोबाइल पर 24 घंटे का Alert

UP Storm Havoc: उत्तर प्रदेश में आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें 5 जिलों में 13 लोगों की मौत हो गई है। रेल यातायात बाधित हुआ, बिजली आपूर्ति ठप रही और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।


डिजिटल डेस्क, कानपुर। UP Storm Havoc: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। 5 जिलों में 13 लोगों की मौत हो गई, कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। उरई में रेल यातायात प्रभावित रहा और कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। शनिवार को भी मौसम विभाग ने मोबाइल अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले 24 घंटे में सौ किमी की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है।


उरई में दो की मौत, रेलवे ट्रैक पर ओएचई लाइन गिरने से ट्रैक बाधित


आंधी से भुआ के पास बिजली का तार टूट कर ओएचई लाइन पर गिरने से कानपुर-झांसी रेलवे ट्रैक नौ घंटे बाधित रहा। अमृत भारत व पुष्पक समेत आठ ट्रेनों को स्टेशनों पर रोका गया। आंधी से दो महिलाओं की मौत हो गई। पांच लोग जख्मी हैं। दस हजार से अधिक पेड़ गिरे हैं। पांच सौ से अधिक बिजली के खंभे जिले भर में गिरे हैं। करीब बीस घंटे बिजली गुल रही। आंधी बारिश से करीब तीन सौ मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।


महोबा में आकाशीय बिजली गिरने से ग्रामीण व छत से गिरकर प्रधान की मौत


थाना अजनर क्षेत्र के ग्राम बड़खेरा निवासी 50 वर्षीय जगत सिंह खेत की रखवाली करने गया था। आंधी व बूंदाबांदी से बचने के लिए वह देर रात आम के पेड़ के नीचे बैठ गया। तभी आकाशीय बिजली गिरी और उसकी मृत्यु हो गई। उधर इसी थाना क्षेत्र के ग्राम आनंदपुरा निवासी 43 वर्षीय प्रधान कीरतराज छत पर थे, तभी आंधी चली और नीचे उतरने लगे। सीढ़ियों से गिरकर घायल हो गए। सीएचसी जैतपुर लाने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।


फतेहपुर में आंधी में छप्पर गिरने से दबकर बुजुर्ग की मौत


किशुनपुर थाने के सिलमी गांव में 65 वर्षीय वरिष्ठजन किसान त्रिवेणी प्रसाद त्रिपाठी रात दो बजे छप्पर के नीचे सो रहे थे।आंधी में छप्पर गिर जाने से इनकी दबकर मौत हो गई। वहीं मवेशी जख्मी हो गये। पौली गांव में एक घर की दीवार ढह गई। हुसेनगंज क्षेत्र में वर्षा से केला की फसल तहस-नहस हो गई। आंधी-तूफान से कई बिजली पोल टूट गए और हाईटेंशन तारों पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने से आपूर्ति ठप रही। कई पेड़ भी गिरे। खागा-दामपुर मार्ग व हिनौता-राजापुर व हथगाम-थरियांव मार्ग मार्गों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा।


बांदा में आंधी व बारिश से दो की मौत, कई गांवों में 12–15 घंटे बिजली ठप


बांदा में आंधी व बारिश से मटौंध क्षेत्र में जर्जर स्लैब ढहने से 65 वर्षीय पुनिया देवी की मौत हो गई, जबकि बबेरू के मऊ गांव में टीन का छप्पर गिरने से 62 वर्षीय कैलाश सिंह की जान चली गई। गिरवां थाना क्षेत्र क्षेत्र के पल्हरी गांव में बरगद के पेड़ के नीचे बनी झोपड़ी में रह रहे 59 वर्षीय रामशरण पुत्र गरीबा की मौत हो गई। पेड़ की भारी डाल उसके ऊपर गिर गई जिससे मौत हो गई।


15 खंभे उखड़े, कई जगहों पर तार टूटे


तेज आंधी व बारिश के चलते बबेरू, बदौसा, तिंदवारी, पैलानी व बिसंडा सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही, जो करीब 12 से 15 घंटे तक बहाल नहीं हो सकी। इस दौरान लगभग 15 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए तथा 33 केवी व 11 हजार लाइनें कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ गिरने से कई मार्ग अवरुद्ध रहे और कस्बों में ब्लैक आउट जैसी स्थिति बनी रही।


चित्रकूट में पेड़ गिरने से दो घायल


रात करीब दो बजे आई तेज आंधी और बारिश ने जनपद में भारी तबाही मचाई। राजापुर तहसील के सिधौली गांव में करीब 400 वर्ष पुराना शिवलिंग मंदिर पूरी तरह धराशायी हो गया। साथ ही शिव-हनुमान मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है। मऊ तहसील में ब्लॉक परिसर के अंदर एक बड़ा पेड़ गिरने से वहां खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। राजापुर कस्बे में लगभग डा. भीमराव अंबेडकर चौक तेज आंधी की चपेट में आकर धराशायी हो गया। मानिकपुर स्टेशन के पास पीपल और नीम के पेड़ों में बने घोंसले टूटने से सैकड़ों तोतों की मौत हो गई। वहीं, भरतकूप और परसोंजा के पास पेड़ गिरने से राम किशोर और सनकी देवी घायल हुए। मानपुर के पास आंधी के दौरान सीढ़ी से उतरते समय गिरकर माया देवी गंभीर रूप से घायल हुई।


कानपुर देहात में सौ गांव में 13 घंटे बाद आई बिजली


कानपुर देहात में तेज हवा से तार टूटने व इंसुलेटर खराब होने से मंगलपुर, झींझक के मोहल्ले व आसपास के 100 गांव की बिजली रात में चली गई तो 13 घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। अकबरपुर में भी पूरी रात बिजली न आने से लोग परेशान रहे।


इटावा में कई घरों की दीवारें गिरी, तीन झोपड़ी में लगी आग


आंधी- पानी से बिजली व्यवस्था ठप हो गई। ग्राम मुबारकपुर में तेज आंधी के कारण तीन झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। कई घरों की दीवारें गिर गईं व टीनें उड़ गईं। दिवरासई में टीन लगने से युवक घायल हो गया। ऊसराहार क्षेत्र में अंकित गुप्ता के मकान की छत पर सोलर प्लांट की प्लेटें काफी दूर जा गिरीं। किसानों की मक्का की फसल को नुकसान हुआ। ग्राम इंदरगढ़ में पीपल का पेड़ बिजली की लाइन पर जा गिरा जिससे खंभा टूट गया।


उन्नाव में पेड़ गिरने से कालीमिट्टी शिवराजपुर मार्ग बाधित


कालीमिट्टी शिवराजपुर मार्ग पर नगर पंचायत में बूढ़े बाबा मंदिर के समीप के एक पेड़ गिर गया। जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन कुछ देर बंद रहा। उक्त मार्ग पर बहादुर खेड़ा गांव के पास भी पेड़ गिरने से यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।औरास क्षेत्र के रतन खेड़ा गांव निवासी 40 वर्षीय बबलू सिंह पुत्र लल्लू गुरुवार रात छत पर लेटा था। आंधी-पानी आने पर वह नीचे जाने के लिए उठा और जल्दबाजी में उसका फिसल गया और वह छत से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →