गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 5 और संदिग्ध गिरफ्तार
गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े 5 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। जांच में पिछले महीने पकड़े गए 8 आरोपियों से संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।

वंदे न्यूज़ संवाददाता: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित तौर पर जुड़े पांच और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी राज्य के अलग-अलग जिलों में चलाए गए अभियान के दौरान की गई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिलाल आबिद शेरा, मोहम्मद अयूब काडीवाल उर्फ मोहम्मद खड़ियासन, मोहम्मद शफी मुखी उर्फ शफी चापी, मोहम्मद हसन क. राडिया उर्फ हसन हैदरपुरी और मोहम्मद अयूब सुमासरा उर्फ मोहम्मद खली के रूप में हुई है।
पहले गिरफ्तार संदिग्धों से जुड़े तार
ATS के मुताबिक, इन पांचों के संबंध उन आठ संदिग्धों से पाए गए हैं जिन्हें पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी के बीच संपर्क और गतिविधियों की गहन जांच की जा रही है।
स्लीपर सेल की जांच पर फोकस
प्रारंभिक जांच में एजेंसियों को आशंका है कि प्रतिबंधित संगठन गुजरात में अपना नेटवर्क और कथित स्लीपर सेल विकसित करने की कोशिश कर रहा था। इसी एंगल से ATS विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
ATS अधिकारी का बयान
ATS के पुलिस उपाधीक्षक हर्ष उपाध्याय ने बताया कि पहले गिरफ्तार किए गए आठ संदिग्धों के संपर्क में आए इन पांच युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनके संपर्क और गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक था।
