एक साल में ही जर्जर हुआ कासगंज हाईवे, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
एटा जिले में स्थित कासगंज हाईवे निर्माण के एक वर्ष के भीतर ही खराब होने लगा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कई जगहों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ने और गड्ढे बनने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हाईवे जिले की प्रमुख संपर्क सड़कों में शामिल है, लेकिन निर्माण पूरा हुए अभी एक साल भी नहीं बीता कि सड़क कई स्थानों पर टूटने लगी है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
निर्माण के दौरान भी सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। उस समय मानकों के अनुरूप निर्माण न होने के आरोप लगाए गए थे, हालांकि संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था ने काम पूरा कर सड़क को आवागमन के लिए खोल दिया था। अब कुछ ही महीनों में सड़क की स्थिति खराब होने से उन शिकायतों को और बल मिलता दिख रहा है।
हाईवे पर गिरौरा, अल्लैपुर और कसैटी मोड़ के पास कई बड़े गड्ढे बन चुके हैं। कई जगहों पर मिट्टी डालकर अस्थायी मरम्मत की गई है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। दर्जनों स्थानों पर गड्ढों के कारण राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने सड़क की तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है।