विठाबाई नारायणगांवकर की कहानी बड़े पर्दे पर, श्रद्धा कपूर निभाएंगी 'ईथा' में दमदार किरदार
श्रद्धा कपूर फिल्म 'ईठा' में महाराष्ट्र की दिग्गज लोक कलाकार विठाबाई भाऊ मंग नारायणगांवकर का किरदार निभाएंगी। यह फिल्म विठाबाई के जीवन और कला के प्रति उनके अटूट प्रेम को दर्शाएगी, जिन्हें 'तमाशा की रानी' कहा जाता था।

नई दिल्ली: महाराष्ट्र की लोककला तमाशा और लावणी की महान कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की प्रेरणादायक जीवनगाथा अब बड़े पर्दे पर आने जा रही है। निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की आगामी फिल्म 'ईथा' में अभिनेत्री श्रद्धा कपूर विठाबाई का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में रिलीज हुए टीज़र में श्रद्धा का लुक और अभिनय चर्चा का विषय बना हुआ है।

कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर?
1 जुलाई 1935 को महाराष्ट्र के पंढरपुर में जन्मीं विठाबाई नारायणगांवकर तमाशा कलाकारों के परिवार से थीं। बचपन से ही उन्होंने लावणी और तमाशा की बारीकियां सीखीं और बिना किसी औपचारिक प्रशिक्षण के अपनी अद्भुत मंच प्रस्तुति से पहचान बनाई। बाद में मराठी रंगमंच के दिग्गजों ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और वह महाराष्ट्र की सबसे लोकप्रिय लोककलाकारों में शामिल हो गईं।

प्रसव के बाद फिर मंच पर लौटीं
विठाबाई के जीवन से जुड़ा सबसे चर्चित प्रसंग वह है, जब नौ महीने की गर्भावस्था के दौरान प्रस्तुति देते समय उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हुई। बताया जाता है कि उन्होंने मंच के पीछे बच्चे को जन्म दिया और थोड़ी देर बाद दोबारा प्रस्तुति देने की तैयारी कर ली। यही घटना फिल्म 'ईथा' के टीज़र में भी दिखाई गई है, जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा है।
फिल्मों के प्रस्ताव ठुकराए
लोकप्रियता बढ़ने के साथ विठाबाई को फिल्मों में काम करने के कई प्रस्ताव मिले, लेकिन उन्होंने तमाशा कला को नहीं छोड़ा। उनका मानना था कि यदि वे सिनेमा की ओर चली गईं तो लोककला और उससे जुड़े कलाकारों को नुकसान होगा। उन्होंने जीवनभर तमाशा और लावणी के संरक्षण को प्राथमिकता दी।

संघर्षों से भरा निजी जीवन
मंच पर अपार सफलता पाने वाली विठाबाई का निजी जीवन संघर्षों से भरा रहा। आर्थिक कठिनाइयों और पारिवारिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने कला के प्रति अपना समर्पण कभी कम नहीं होने दिया। जीवन के अंतिम वर्षों में आर्थिक तंगी का सामना करने के बाद 15 जनवरी 2002 को उनका निधन हो गया। बाद में महाराष्ट्र सरकार ने उनके सम्मान में 'विठाबाई नारायणगांवकर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' की शुरुआत की.

ईथा' कब होगी रिलीज?
श्रद्धा कपूर स्टारर 'ईथा' का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म में रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह बायोपिक 28 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
