UPI पर MDR चार्ज लागू होने में देरी संभव, व्यापारी 1 जनवरी 2027 से लागू करने की मांग पर अड़े
UPI पर MDR चार्ज लागू करने की तारीख को लेकर असमंजस है। व्यापारी संगठनों ने कारोबार और डिजिटल भुगतान पर संभावित असर का हवाला देते हुए इसे 1 जनवरी 2027 से लागू करने की मांग की है।

वंदे न्यूज़ नई दिल्ली। UPI (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) से जुड़े नए नियम लागू करने की तारीख को लेकर असमंजस बना हुआ है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने अभी तक इसकी नई तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पहले इसे दिवाली के बाद लागू करने की बात कही गई थी, लेकिन अब इसके एक बार फिर टलने की संभावना जताई जा रही है।
NPCI के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप असबे ने पहले कहा था कि नए नियम लागू करने की अंतिम तारीख जल्द घोषित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि इस व्यवस्था को दिवाली के बाद तक टाल दिया गया है। हालांकि, तारीख घोषित नहीं होने से कारोबारियों के बीच असमंजस और नाराजगी बनी हुई है।
व्यापारी क्यों कर रहे हैं विरोध?
व्यापारी संगठनों का कहना है कि त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारी और डिजिटल भुगतान का स्तर काफी बढ़ जाता है। धनतेरस, दिवाली और छठ के अलावा शादी के सीजन में भी कारोबारियों का बड़ा हिस्सा डिजिटल लेन-देन पर निर्भर रहता है। ऐसे समय में नया चार्ज लागू होने से कारोबारियों के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है।
इसी मुद्दे को लेकर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) सहित व्यापारी संगठनों ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सामने अपनी आपत्ति रखी थी।
जनवरी 2027 से लागू करने की मांग
कारोबारी संगठनों की मांग है कि MDR से जुड़े नियम नवंबर के बजाय 1 जनवरी 2027 से लागू किए जाएं। उनका तर्क है कि दिवाली के बाद शादी, क्रिसमस और नए साल की खरीदारी का दौर जारी रहता है। ऐसे में अतिरिक्त समय मिलने से कारोबारियों को नई व्यवस्था के लिए तैयारी करने का अवसर मिलेगा। फिलहाल, NPCI की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।