Vande News
NationalBreaking

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में यूपी की दो युवतियां गिरफ्तार, हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस ने यूपी की दो युवतियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में हथियारों की आपूर्ति और कथित नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 month ago
Share:
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में यूपी की दो युवतियां गिरफ्तार, हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

वंदे न्यूज़  लखनऊ। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों ने हथियारों की आपूर्ति से जुड़े कथित नेटवर्क का खुलासा किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर और आजमगढ़ की रहने वाली दो युवतियों समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में हथियार जुटाने से लेकर उसे मुंबई पहुंचाने और घटना के बाद आरोपितों की आवाजाही तक की कड़ियों की जांच की जा रही है।


पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी कुनाल (21), सुमित (19), सीतापुर निवासी राधा (23) और आजमगढ़ निवासी बबीता (23) के रूप में हुई है। आरोप है कि कुनाल ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 कारतूस जुटाए थे। इसके बाद राधा और बबीता को हथियार लेकर मुंबई भेजा गया।


जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों युवतियां 15 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मुंबई के लिए रवाना हुई थीं। 17 अक्टूबर को दादर पहुंचने के बाद वे एक होटल में ठहरीं। पुलिस का आरोप है कि होटल के पास एक नाबालिग लड़का राधा से बैग लेकर चला गया। इसके अगले दिन, 18 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई।


पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद अनिल पंडित ने कथित तौर पर कुनाल से संपर्क कर मुंबई में फंसे शूटरों के निकलने की व्यवस्था करने को कहा। इसी दिन राधा और बबीता हरिद्वार एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।


20 अक्टूबर को दोनों युवतियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जबकि कुनाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया। अदालत की अनुमति के बाद मुंबई पुलिस ने चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की।


फिलहाल, मुंबई पुलिस की सीआईडी हथियार के अंतिम प्राप्तकर्ता, फायरिंग में शामिल लोगों और कथित नेटवर्क में अनिल पंडित की भूमिका की जांच कर रही है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →