Vande News
NationalBreaking

SIR खत्म होने के बाद भी जुड़ सकेंगे वोटर लिस्ट में नाम, सुप्रीम कोर्ट ने कही बड़ी बात

सुप्रीम कोर्ट ने SIR को लेकर अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि पुनरीक्षण पूरा होने के बाद भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और हटवाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। उत्तर प्रदेश में फॉर्म-7 की गड़बड़ियों पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
SIR खत्म होने के बाद भी जुड़ सकेंगे वोटर लिस्ट में नाम, सुप्रीम कोर्ट ने कही बड़ी बात

वंदे न्यूज़ नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को महत्वपूर्ण टिप्पणी की। अदालत ने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया पूरी होने का मतलब यह नहीं है कि मतदाता सूची फ्रीज हो जाएगी या उसमें नए नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया बंद हो जाएगी। कोर्ट ने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया लगातार जारी रहती है। हालांकि, अदालत ने केरल, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में SIR की समय-सीमा बढ़ाने से इनकार कर दिया।


मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इन राज्यों में SIR को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। अदालत की टिप्पणी से स्पष्ट हुआ कि ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाए गए नामों को दोबारा जुड़वाने का रास्ता खुला रहेगा।


चुनाव के नामांकन तक जुड़ सकते हैं नाम

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता डी. एस. नायडू ने बताया कि SIR पूरा होने के बाद भी मतदाता अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। चुनाव में उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख तक मतदाता सूची में नाम जोड़े जा सकते हैं। इससे उन लोगों को राहत मिल सकती है, जिनका नाम पुनरीक्षण के दौरान सूची से हट गया है।


फॉर्म-7 में गड़बड़ी पर कार्रवाई का आश्वासन

सुनवाई के दौरान चुनाव आयोग ने स्वीकार किया कि उत्तर प्रदेश में अधिकारियों की ओर से बड़ी संख्या में फॉर्म-7 स्वीकार करने में गड़बड़ी हुई थी। आयोग ने बताया कि इस संबंध में सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं को इन गड़बड़ियों को चुनाव आयोग के समक्ष उठाने की अनुमति दी।


केरल में 24 लाख मतदाताओं का मामला उठा

केरल में SIR की प्रक्रिया फरवरी में पूरी होने और विधानसभा चुनाव में उसी मतदाता सूची के इस्तेमाल की जानकारी आयोग ने अदालत को दी। वहीं, सीपीएम की ओर से दावा किया गया कि करीब 24 लाख मतदाता अभी भी सूची से बाहर हैं। इस पर सुप्रीम कोर्ट ने पार्टी से उन मतदाताओं का विवरण मांगा, जो समय की कमी के कारण अपने फॉर्म जमा नहीं कर पाए थे।


अदालत ने चुनाव आयोग से संबंधित याचिकाओं और उठाई गई आपत्तियों पर जवाब दाखिल करने को भी कहा। इस सुनवाई में मतदाता सूची में सुधार और छूटे हुए मतदाताओं के नाम दोबारा शामिल करने की प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण स्थिति स्पष्ट हुई।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →