शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,147 अंक टूटा; निफ्टी 22,200 के नीचे
वैश्विक बाजारों में कमजोरी, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 1,147 अंक टूटा।

वंदे न्यूज़ , नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में दबाव देखने को मिला। वैश्विक बाजारों में कमजोरी, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में बाजार मिला-जुला रहा, लेकिन कुछ ही समय बाद बिकवाली बढ़ने से प्रमुख सूचकांक नीचे फिसल गए।
दोपहर करीब 2:30 बजे सेंसेक्स 1,147.58 अंक यानी 1.58 प्रतिशत गिरकर 71,491.12 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 50 में 393.80 अंक यानी 1.74 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 22,209.25 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। कारोबार के दौरान निफ्टी 22,254.30 के स्तर तक भी फिसला।
इन सेक्टर्स में सबसे ज्यादा दबाव
सेक्टोरल इंडेक्स में मेटल, रियल्टी, तेल-गैस, फार्मा और हेल्थकेयर समेत कई क्षेत्रों में गिरावट रही। निफ्टी मेटल में 3.23 प्रतिशत, तेल-गैस में 2.60 प्रतिशत, रियल्टी में 2.39 प्रतिशत और हेल्थकेयर में 2.21 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। ऑटो, एफएमसीजी और मीडिया सेक्टर भी दबाव में रहे।
क्यों गिर रहा है बाजार?
बाजार में गिरावट के पीछे वैश्विक संकेतों के साथ घरेलू मौद्रिक नीति को लेकर निवेशकों की चिंता भी अहम मानी जा रही है। रेपो रेट में 25 आधार अंकों की बढ़ोतरी और सख्त मौद्रिक रुख के बाद ऊंची ब्याज दरों का असर इक्विटी वैल्यूएशन पर पड़ने की आशंका है।
इसके अलावा, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की लगातार बिकवाली और अमेरिकी 10-वर्षीय ट्रेजरी यील्ड के ऊंचे स्तर पर बने रहने से भी बाजार की धारणा प्रभावित हुई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में निवेशक अपेक्षाकृत कम ब्याज-संवेदनशील क्षेत्रों की ओर रुख कर सकते हैं।