क्रिकेट के मैदान के बाद अब पर्दे पर दिखेगी 'दादागिरी', Sourav Ganguly की बायोपिक का पहला लुक आया सामने; कब रिलीज होगी फिल्म?
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली 54 साल के हो गए हैं। इस मौके पर उनकी बायोपिक का पहला लुक सामने आया है और रिलीज डेट भी सामने आ गई है।

वंदे न्यूज़ संवाददाता, नई दिल्ली। भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक सौरव गांगुली आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। वे 54 साल के हो गए हैं। उनके इस जन्मदिन पर मेकर्स ने उन्हें खास तोहफा दिया है। दरअसल, गांगुली के जीवन पर आधारित बोयपिक की चर्चा लंबे समय से थी । अब दादा के जन्मदिन के मौके पर इसका पहला लुक जारी कर दिया गया है।
गांगुली पर बनने वाली इस बायोपिक का नाम 'दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी' है। इसमें फिल्म अभिनेता राजकुमार राव गांगुली का किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। ये फिल्म सिनेमाघरों में कब तक आएगी, इसकी जानकारी भी मेकर्स ने दे दी है। गांगुली ने क्रिकेट के मैदान पर लंबे समय तक अपनी दादागिरी दिखाई और अब पर्दे पर भी उनकी बायोपिक धूम मचाने को तैयार है।
सौरव गांगुली की बायोपिक का पहला लुक आया सामने
गांगुली की बायोपिक का पहला लुक सामने आया है। पोस्टर में राजकुमार राव को लॉर्ड्स के बालकनी पर जर्सी लहराते हुए दिखाया गया है। यह वो ऐतिहासिक पल है जब भारतीय टीम ने 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी फाइनल में इंग्लैंड को हराया था। सौरव गांगुली का यह जश्न भारतीय क्रिकेट के एक नए युग की शुरुआत का प्रतीक बन गया था। उनके जीतने की जिद और जुनून को अब पर्दे पर दिखाया जाएगा।
गांगुली ने बताया सबसे यादगार जन्मदिन
सौरव गांगुली ने इस मौके पर कहा, "जन्मदिन हमेशा खास होते हैं लेकिन अपनी बायोपिक का पहला लुक जारी होना इसे और यादगार बना देता है।" उन्होंने इसे अपना सबसे अच्छा जन्मदिन गिफ्ट बताया। गांगुली ने राजकुमार राव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने रोल को बहुत ईमानदारी और समर्पण से तैयार किया है। उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि फैंस 14 मई 2027 को थिएटर में फिल्म का पूरा मजा लेंगे।
कब रिलीज होगी सौरव गांगुली की बायोपिक?
गौरतलब है कि गांगुली के जीवन पर आधारित बनने वाली इस फिल्म की चर्चा लंबे समय से थी। फैंस को भी इंतजार था कि वे अपने हीरो की बायोपिक को पर्दे पर कब देख पाएंगे। ऐसे में मेकर्स ने दादा के जन्मदिन पर रिजील होने की तारीख का भी एलान कर दिया है। ये फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन विक्रमादित्य मोतवाने कर रहे हैं। इसके प्रोड्यूसर लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं।