Vande News
NationalBreaking

'मैं नजरबंद हूं...' सोनम वांगचुक का दावा, घर के बाहर हथियारबंद जवान तैनात

हिल काउंसिल चुनाव की तारीख पर विवाद तेज, वांगचुक ने प्रशासन पर लगाए प्रतिबंधों के आरोप; लेह एपेक्स बॉडी ने चुनाव स्थगित करने की मांग की।

V
Vande News
||3 min read|Updated 2 weeks ago
Share:
'मैं नजरबंद हूं...' सोनम वांगचुक का दावा, घर के बाहर हथियारबंद जवान तैनात

वंदे न्यूज़ जम्मू। लद्दाख में आगामी हिल काउंसिल चुनावों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। चार दिसंबर को प्रस्तावित चुनावों को कड़ाके की ठंड के दौरान कराने के प्रशासन के फैसले का विरोध कर रहे जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दावा किया है कि उन्हें उनके घर में नजरबंद कर दिया गया है। वांगचुक के मुताबिक, उनके आवास के आसपास बड़ी संख्या में हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।




सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा रही है और सोशल मीडिया पर उनकी पहुंच भी प्रभावित की गई है। वांगचुक ने सवाल उठाया कि लेह में पिछले साल हुई हिंसा और मौतों की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट आने में देरी क्यों हो रही है। साथ ही उन्होंने कड़ाके की ठंड में चुनाव कराने के फैसले पर भी सवाल उठाए।



प्रदर्शन स्थल से पुलिस ने हटाया था

इससे पहले बुधवार शाम को पुलिस ने सोनम वांगचुक को लेह के एनडीएस मेमोरियल पार्क स्थित प्रदर्शन स्थल से हटा दिया था। वह वहां आंदोलन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। इसके बाद लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से निवारक आदेश जारी कर उनकी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया। पुलिस का तर्क है कि उनके प्रदर्शन से सार्वजनिक व्यवस्था और शांति प्रभावित होने की आशंका है।


चुनाव की तारीख को लेकर लेह एपेक्स बॉडी का विरोध

प्रशासन की ओर से चुनाव से पहले विरोध प्रदर्शनों पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद लेह एपेक्स बॉडी ने दावा किया कि गुरुवार को विभिन्न वर्गों के लोगों ने शांतिपूर्ण धरने में हिस्सा लिया। संगठन का कहना है कि उसका विरोध चुनाव कराने को लेकर नहीं, बल्कि कड़ाके की ठंड में चुनाव कराने के फैसले को लेकर है।


30 प्रतिशत मतदाताओं के छूटने की आशंका

लेह एपेक्स बॉडी के सह-अध्यक्ष चेरिंग दोरजे ने दावा किया कि सर्दियों में लद्दाख की करीब 30 प्रतिशत आबादी क्षेत्र से बाहर रहती है। ऐसे में दिसंबर में मतदान कराने से बड़ी संख्या में मतदाता अपने अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे।

सोनम वांगचुक और संगठन के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर चुनाव स्थगित करने की मांग भी की है।

लद्दाख के सभी आठ जिलों में चुनाव प्रस्तावित हैं। मतदान के बाद 8 दिसंबर को मतगणना होनी है। वहीं, मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने चुनाव कार्यक्रम का बचाव करते हुए कहा है कि स्कूल 15 दिसंबर तक खुले रहते हैं, इसलिए वयस्क भी मतदान कर सकते हैं।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →