सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, पत्नी ने इलाज को लेकर रखी शर्त; डॉक्टरों की निगरानी में जारी उपचार
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की हालत स्थिर है। लंबे उपवास और डिहाइड्रेशन के कारण उनका इलाज जारी है। इस बीच उनकी पत्नी ने परिवार की सहमति के बिना दवा या IV फ्लूइड न देने की मांग की है।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली : दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, लंबे समय तक उपवास और डिहाइड्रेशन के कारण वह शारीरिक रूप से कमजोर हैं, लेकिन चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार जारी है।
अस्पताल के मुताबिक, सोनम वांगचुक के शरीर में पानी की कमी और लगातार उपवास के चलते स्वास्थ्य पर असर पड़ा है। उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, हालांकि शरीर के जरूरी मानकों को सामान्य करने के लिए डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं।
पत्नी ने अस्पताल प्रशासन के सामने रखी मांग
इस बीच सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने अस्पताल प्रशासन से अनुरोध किया है कि परिवार की सहमति और पिछले 20 दिनों से उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे डॉक्टरों की अनुमति के बिना उन्हें मुंह से या नस (IV) के माध्यम से कोई दवा, तरल पदार्थ या अन्य चिकित्सा सामग्री न दी जाए।
शनिवार सुबह अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:40 बजे दिल्ली पुलिस सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची। इसके बाद सुबह 7:40 बजे उन्हें औपचारिक रूप से भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
हाई कोर्ट के आदेश और डॉक्टरों की सलाह पर उठाया गया कदम
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोनम वांगचुक को दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के आधार पर अस्पताल लाया गया। पिछले कुछ दिनों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। चिकित्सकों ने लंबे उपवास और डिहाइड्रेशन के कारण शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका जताई थी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकीय देखभाल शुरू की गई।
