Vande News
NationalBreaking

सिवनी में पुलिस अधिकारियों पर वसूली और धमकी के आरोप, प्रेमी जोड़े को गांजे में फंसाने की बात का वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के सिवनी में होटल मालिक ने हर महीने 50 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। वीडियो सामने आने के बाद टीआई सतीश तिवारी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि ASP और CSP की भूमिका की जांच की जा रही है।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
सिवनी में पुलिस अधिकारियों पर वसूली और धमकी के आरोप, प्रेमी जोड़े को गांजे में फंसाने की बात का वीडियो वायरल

वंदे न्यूज़ मध्य प्रदेश। सिवनी जिले में पुलिस अधिकारियों पर होटल मालिक से कथित तौर पर हर महीने 50 हजार रुपये की मांग करने और पैसे नहीं देने पर धमकाने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामले से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीडियो में कथित तौर पर ASP दीपक मिश्रा, सिटी CSP चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी होटल के रिसेप्शन पर एक प्रेमी जोड़े से पूछताछ करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान ASP की ओर से लड़के के बैग में गांजा रखवाने की बात कहे जाने का दावा किया जा रहा है।


मामला सिवनी के बवरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल मालिक संजय सनोडिया के मुताबिक, पिछले दो महीने से पुलिस अधिकारी उनसे पैसों की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपये दिए थे, लेकिन इसके बावजूद हर महीने 50 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। रकम नहीं देने पर होटल बंद कराने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप है।


होटल मालिक ने कराया स्टिंग

संजय सनोडिया का कहना है कि पुलिसकर्मी कई बार होटल में तलाशी लेने पहुंचे और CCTV का DVR अपने साथ ले गए। इससे परेशान होकर उन्होंने होटल में अलग से कैमरा लगवाया। उनके मुताबिक, इसी कैमरे में पुलिस अधिकारियों के आने और प्रेमी जोड़े से पूछताछ का घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। होटल मालिक ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई से होटल के कारोबार पर असर पड़ रहा था।



टीआई निलंबित, दो अधिकारियों की भूमिका की जांच

वीडियो सामने आने के बाद सिवनी SP कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि ASP और CSP की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


जबलपुर जोन के IG प्रमोद वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए SP से रिपोर्ट मांगी है। वहीं, ASP दीपक मिश्रा ने वीडियो को AI जनरेटेड और फर्जी बताया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →