'संसद मार्च' में घायल छात्रा साक्षी की हालत में सुधार, वेंटिलेटर से हटाया गया
'संसद मार्च' के दौरान घायल हुई छात्रा साक्षी की हालत में सुधार हुआ है। डॉक्टरों ने उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया है। फिलहाल उनकी स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली: संसद मार्च के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा साक्षी की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, उसे वेंटिलेटर से हटा दिया गया है और अब वह अपने दम पर सांस ले रही है। साथ ही वह पूरी तरह होश में है और चिकित्सकों के निर्देशों का पालन कर रही है।
साक्षी दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर एक्सटेंशन की रहने वाली है और एडवांस्ड डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशंस (ADCA) की छात्रा है। वह 20 जुलाई को अपने चचेरे भाई के साथ संसद मार्च में शामिल हुई थी। प्रदर्शन के दौरान मची अफरा-तफरी में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे में उसके चेहरे, सीने और गर्दन पर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे तत्काल आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, साक्षी की मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की एमआरआई रिपोर्ट सामान्य आई है। इलाज के बाद उसकी हालत में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
आरएमएल अस्पताल ने बताया कि संसद मार्च से जुड़े घायलों में फिलहाल साक्षी ही अस्पताल में भर्ती एकमात्र मरीज है। बाकी सभी घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी स्थिति पहले से काफी बेहतर है और उपचार जारी है।