Vande News
NationalBreaking

भाजपा-RSS छोड़ सपा में शामिल हुए मुकेश शर्मा, नोएडा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज

नोएडा के समाजसेवी मुकेश शर्मा भाजपा-RSS छोड़ सपा में शामिल हुए। अखिलेश यादव की मौजूदगी में ली सदस्यता, नोएडा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज।

V
Vande News
||3 min read|Updated 8 hours ago
Share:
भाजपा-RSS छोड़ सपा में शामिल हुए मुकेश शर्मा, नोएडा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा तेज

वंदे न्यूज़ नोएडा। नोएडा की राजनीति में समाजवादी पार्टी की नई एंट्री ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। नोएडा के समाजसेवी और शिक्षाविद मुकेश शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से अपनी राजनीतिक नजदीकियां छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है। लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ रायबरेली के ब्राह्मण नेता विश्वजीत त्रिपाठी भी सपा में शामिल हुए।


मुकेश शर्मा के समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद नोएडा विधानसभा सीट को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में उनके सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


पिछले कुछ महीनों से बढ़ाई थी सामाजिक सक्रियता

मुकेश शर्मा पिछले कई वर्षों से नोएडा में सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। हालांकि, बीते तीन-चार महीनों के दौरान उनकी सार्वजनिक उपस्थिति और सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी बढ़ी थी। शहर के विभिन्न इलाकों में आयोजित कार्यक्रमों में उनकी सक्रियता देखने को मिली। हाल ही में उन्होंने 'अपने-अपने राम' कार्यक्रम का आयोजन भी कराया था।

इसके अलावा नोएडा के प्रमुख चौराहों और स्थानों पर उनके होर्डिंग और प्रचार बोर्ड भी दिखाई देने लगे थे। अब तक उनकी पहचान मुख्य रूप से समाजसेवी और शिक्षाविद के तौर पर रही, लेकिन सपा में शामिल होने के बाद उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


सपा में टिकट की दावेदारी से बढ़ सकता है अंदरूनीमुकाबला

नोएडा विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के कई नेता पहले से ही टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में मुकेश शर्मा की एंट्री से पार्टी के भीतर नए राजनीतिक समीकरण बनने की संभावना है। राजनीतिक चर्चाओं के बीच पुराने कार्यकर्ताओं और टिकट के अन्य दावेदारों की नाराजगी की बातें भी सामने आ रही हैं।

कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल उठ रहा है कि भाजपा और RSS से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय रहे मुकेश शर्मा को सपा संगठन में किस तरह स्वीकार्यता मिलेगी। वहीं, उनकी जमीनी राजनीति और संगठनात्मक अनुभव को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं।

फिलहाल, मुकेश शर्मा की सपा में एंट्री को नोएडा की आगामी चुनावी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि पार्टी उन्हें संगठन में क्या जिम्मेदारी देती है और क्या वह नोएडा विधानसभा सीट से टिकट के प्रमुख दावेदार बनकर उभरते हैं।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →