राष्ट्रीय लोकदल ने किया संगठन का विस्तार, ठाकुर महीपाल सिंह बने नोएडा महानगर अध्यक्ष
नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने सौंपा नियुक्ति पत्र, युवा संगठन में भी हुईं महत्वपूर्ण नियुक्तियां; 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर।

वंदे न्यूज़ नोएडा। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पार्टी ने ठाकुर महीपाल सिंह को नोएडा महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। सोमवार को सेक्टर-29 स्थित नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी के पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष तरस पाल मलिक ने कहा कि ठाकुर महीपाल सिंह के नेतृत्व में नोएडा महानगर में संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त अध्यक्ष सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को साथ लेकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन का विस्तार किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।
युवा संगठन में भी हुईं महत्वपूर्ण नियुक्तियां
प्रेसवार्ता के दौरान पार्टी के युवा संगठन में भी नई जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। विजेंद्र यादव को पश्चिम क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि गौरव आजाद को नोएडा महानगर युवा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, शिवम यादव को युवा नोएडा का प्रमुख महासचिव नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी युवा कार्यकर्ताओं को संगठन में अधिक सक्रिय भूमिका देने की तैयारी कर रही है।

नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का भरोसा
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष ठाकुर महीपाल सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और क्षेत्रीय अध्यक्ष का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। सभी वर्गों के लोगों को साथ लेकर चलना और नोएडा महानगर में राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के विस्तार और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में जिला अध्यक्ष जनार्दन भाटी, पूर्व एमएलसी महेश आर्य, मेरठ मंडल अध्यक्ष एडवोकेट इंद्रवीर भाटी, अजीत सिंह दौला, मनोज चौधरी, श्रीमती अनिता चौधरी, बिजेंद्र यादव, मनवीर भाटी, हरवीर सिंह तालान, ठाकुर करण सिंह, निशांत भाटी और गौरव आजाद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।