PM मोदी ने 45 NDA सांसदों को दी सलाह, बोले- 'लुटियंस के जाल से बचें, गुस्से में न बोलें'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 45 NDA सांसदों के साथ बैठक में सदन की गरिमा, संयम, सोशल मीडिया पर सक्रियता और 'लुटियंस के जाल' से बचने की सलाह दी।

वंदे न्यूज़ संवाददाता, नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के 45 सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की। इस दौरान उन्होंने सांसदों को संसदीय आचरण, सार्वजनिक संवाद और सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर कई अहम सलाह दीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सांसद सदन की चिंताओं को बाहर न ले जाएं, किसी भी परिस्थिति में संयम बनाए रखें और "लुटियंस दिल्ली के जाल" से बचें।
सदन की बात सदन तक ही रखें
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से कहा कि संसद के भीतर की परिस्थितियों या तनाव को बाहर नहीं ले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार सदन का माहौल चिंता पैदा कर सकता है, लेकिन उस चिंता को अपने साथ लेकर बाहर नहीं निकलना चाहिए।
गरिमा और संयम बनाए रखने पर जोर
प्रधानमंत्री ने सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी मुद्दे पर गुस्से में बोलने या चिल्लाने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि सभी सांसद पार्टी की नीति के अनुरूप शांतिपूर्वक और गरिमा के साथ अपनी बात रखें। साथ ही उन्होंने टीवी पर अनावश्यक या विवादित बयान देने से भी बचने की नसीहत दी।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से जुड़ने की अपील
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने सांसदों से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि Facebook, Instagram और X जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से जुड़ें, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करें और युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करें।
कई सहयोगी दलों के सांसद रहे मौजूद
इस बैठक में NDA के विभिन्न सहयोगी दलों के सांसद शामिल हुए। इनमें उद्धव ठाकरे की शिवसेना और ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर बने गुट के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
NCPI नेता ने क्या कहा?
तृणमूल कांग्रेस से अलग होकर बनी नेशनलिस्ट सिटिजन पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के नेता जगदीश बसुनिया ने बैठक को सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों को NDA परिवार का हिस्सा बताते हुए जनहित के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया।
बैठक के बाद बसुनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हुई चर्चा बेहद अच्छी रही और उन्होंने गठबंधन की सामूहिक पहचान व एकजुटता पर विशेष जोर दिया।