योगी सरकार ने PCS अफसरों के लिए जारी कर दिया सख्त आदेश, बस 31 मई तक का मिला समय
प्रदेश सरकार ने पीसीएस अधिकारियों द्वारा वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) अपलोड करने में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया है। नियुक्ति विभाग ने 31 मई तक स्वमूल्यांकन आख्या स्पैरो पोर्टल पर अपलोड करने के सख्त निर्देश दिए हैं, चेतावनी दी है कि समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।

वंदे न्यूज़ संवाददाता : लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि (एसीआर) भरने में हो रही देरी पर कड़ा रुख अपनाया है। नियुक्ति विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी पीसीएस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि के लिए स्वमूल्यांकन आख्या 31 मई से पहले हर हाल में स्पैरो पोर्टल पर अपलोड कर दी जाए।
संयुक्त सचिव वीएन तिवारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन एसीआर भरने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित है। इसके बावजूद अब तक 1893 अधिकारियों में से केवल 221 ने ही स्वमूल्यांकन आख्या भरी है।
यह कुल अधिकारियों का मात्र 11.67 प्रतिशत है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं होगी और ऑफलाइन या अन्य किसी माध्यम से प्रविष्टियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
नियुक्ति विभाग ने सभी विभागों से पोर्टल आधारित ऑनलाइन प्रविष्टि प्रक्रिया का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। विभाग ने यह भी आशंका जताई है कि अंतिम तिथि नजदीक आने पर स्पैरो पोर्टल पर अत्यधिक लॉगिन और हिट बढ़ने से तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। ऐसे में अधिकारियों को अंतिम समय का इंतजार न करते हुए समय रहते अपनी एसीआर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।