Vande News
NationalBreaking

नोएडा में एम्बुलेंस को मिलेगा ग्रीन कॉरिडोर, पुलिस ने शुरू किया OPERATION FAST

गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर अस्पताल पहुंचाने की पहल, 24 घंटे सक्रिय रहेगा एम्बुलेंस ट्रैफिक कंट्रोल सेल, सहायता के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर 9218891716

V
Vande News
||2 min read|Updated 4 weeks ago
Share:
नोएडा में एम्बुलेंस को मिलेगा ग्रीन कॉरिडोर, पुलिस ने शुरू किया OPERATION FAST

वंदे न्यूज़ नोएडा। गौतमबुद्धनगर में अब गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में गौतमबुद्धनगर पुलिस ने OPERATION FAST (Fast Ambulance Seamless Transition) शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य आपातकालीन एम्बुलेंस को सुरक्षित, निर्बाध और प्राथमिकता के आधार पर रास्ता उपलब्ध कराना है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।


24 घंटे सक्रिय रहेगा एम्बुलेंस ट्रैफिक कंट्रोल सेल

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय रोज्या गोयल द्वारा रिसर्च के बाद प्रस्तावित इस योजना के तहत ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम में 24×7 समर्पित एम्बुलेंस ट्रैफिक सुविधा सेल स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 9218891716 जारी किया गया है, जिसे संबंधित अस्पतालों को उपलब्ध कराया गया है।


एम्बुलेंस डिस्पैचर, अस्पताल कंट्रोल रूम या एम्बुलेंस कर्मचारी इस नंबर पर मरीज की स्थिति, अस्पताल का पता और प्रस्तावित रास्ते की जानकारी दे सकेंगे। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम संबंधित मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को सक्रिय करेगा।


चौराहों पर पहले से होगा ट्रैफिक क्लियरेंस

इस व्यवस्था में रोलिंग ट्रैफिक क्लियरेंस मैकेनिज्म अपनाया जाएगा। इसके तहत एम्बुलेंस के आगे बढ़ने के साथ-साथ रास्ते में आने वाले चौराहों पर क्रमवार यातायात नियंत्रित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक सिग्नल का अस्थायी प्रबंधन, विपरीत दिशा के वाहनों का नियमन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की जाएगी।

इस पहल में सरकारी और निजी अस्पतालों, एम्बुलेंस संचालकों तथा आपातकालीन डिस्पैच सेंटरों को भी जोड़ा गया है, ताकि एम्बुलेंस के पहुंचने से पहले ही ट्रैफिक व्यवस्था तैयार की जा सके।


ट्रायल में 12 किलोमीटर का सफर 10 मिनट में

पुलिस के अनुसार, इस व्यवस्था की व्यवहारिकता जांचने के लिए ट्रायल रन किया गया। व्यस्त ट्रैफिक के दौरान खाली एम्बुलेंस ने चिल्ला बॉर्डर से मैक्स हॉस्पिटल और फोर्टिस हॉस्पिटल तक लगभग 12 किलोमीटर की दूरी प्रत्येक मार्ग पर करीब 10 मिनट में तय की।


नागरिकों से एम्बुलेंस को रास्ता देने की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि एम्बुलेंस का सायरन सुनते ही उसे प्राथमिकता देते हुए रास्ता दें और चौराहों को अवरुद्ध न करें। इसके लिए शहर में लगे सार्वजनिक उद्घोषणा सिस्टम से भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।


इस पहल को जीरो फेटेलिटी डिस्ट्रिक्ट की अवधारणा से जोड़कर देखा जा रहा है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक में देरी के कारण होने वाली रोकी जा सकने वाली मौतों को कम करना और गंभीर मरीजों को समय पर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराना है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →