स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा की बड़ी छलांग, देश में छठा स्थान हासिल किया
नोएडा वर्ष 2023 (Swachh Survekshan 2023) में सफाई के मामले में राष्ट्रीय स्तर पर 14वीं रैंक से छठे पायदान पर पहुंचा शहर, उत्तर प्रदेश में लगातार बरकरार रखा पहला स्थान; 5-स्टार गार्बेज फ्री सिटी और वाटर प्लस प्रमाणन भी मिला

वंदे न्यूज़ नोएडा। स्वच्छता के क्षेत्र में नोएडा ने एक बार फिर अपनी शानदार उपलब्धि दर्ज कराई है। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के नतीजों में नोएडा ने देशभर के शहरों की सूची में छठा स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में लगातार अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। वर्ष 2023 में 14वीं रैंक पर रहने वाले नोएडा ने इस बार सात पायदान की छलांग लगाकर देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाई है।
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि शहर ने पिछले कुछ वर्षों में स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार सुधार किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 के स्वच्छ सर्वेक्षण में नोएडा की रैंकिंग देशभर में 324वीं थी। इसके बाद प्राधिकरण ने सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और अन्य स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया।
इसका परिणाम भी लगातार सामने आया। वर्ष 2021 में नोएडा देश के शीर्ष पांच शहरों में शामिल हुआ। वर्ष 2022 में 7500 में से 6332 अंक प्राप्त कर पांचवीं रैंक हासिल की। वहीं, वर्ष 2023 में 9500 में से 8117 अंक के साथ शहर दूसरे स्थान पर पहुंचा था। अब स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में छठा स्थान हासिल कर नोएडा ने अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी है।
बेहतर प्रदर्शन के चलते नोएडा को सुपर स्वच्छ लीग (गोल्डन सिटी) में शामिल किया गया है। इस वर्ष भी 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर शहर ने इस प्रतिष्ठित लीग में अपनी जगह बरकरार रखी। इसके अलावा नोएडा को 5-स्टार गार्बेज फ्री सिटी (GFC) रेटिंग और वाटर प्लस प्रमाणन भी प्राप्त हुआ है। देश के 23 विशिष्ट सुपर स्वच्छ लीग शहरों में नोएडा का शामिल होना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्राधिकरण के अनुसार, इस सफलता में शहर के नागरिकों की भागीदारी, सफाई कर्मचारियों की मेहनत और अधिकारियों के प्रयासों की अहम भूमिका रही है। आने वाले समय में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर कार्यप्रणाली और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जाएगा।
नोएडा की यह उपलब्धि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में हुए बदलाव को दर्शाती है। हालांकि, इस रैंकिंग को बरकरार रखने के साथ-साथ शहर के प्रत्येक सेक्टर और सार्वजनिक स्थान पर सफाई सुनिश्चित करना भी प्राधिकरण के लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी।