नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अमित हत्याकांड का वांछित आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
सेक्टर-3 के पार्क में छिपकर भागने की फिराक में था आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; ACP मयंक तिवारी की भूमिका की सराहना

वंदे न्यूज़ नोएडा। नोएडा में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना फेस-1 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमित हत्याकांड में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-3 स्थित एक पार्क में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। नोएडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कदम माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम को स्थानीय इंटेलिजेंस के माध्यम से सूचना मिली कि अमित हत्याकांड में वांछित आरोपी आफताब उर्फ तुस्सी सेक्टर-3 के एक पार्क में मौजूद है और वहां से फरार होने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस को पार्क के बाहर आरोपी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने पार्क के अंदर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार, टीम को सामने देखकर आरोपी और उसका साथी भागने लगे। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में ACP-2 मयंक तिवारी की भूमिका को विशेष रूप से सराहनीय बताया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन और पुलिस की सक्रियता से वांछित आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली। नोएडा पुलिस की त्वरित सूचना पर कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 8/9 नवंबर की रात स्कूटी टकराने को लेकर हुए विवाद में अमित और शिवम घायल हो गए थे। उपचार के दौरान अमित की मौत हो गई थी, जबकि शिवम का इलाज जारी है। इसी मामले में थाना फेस-1 में हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से तीन अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।