एक मंच पर तीन आयोजन: नोएडा मीडिया क्लब में सम्मान, विदाई और दीपावली मिलन समारोह
संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा को सेवानिवृत्ति पर किया सम्मानित, आगरा स्थानांतरित डीसीपी साद मियां खान को दी विदाई; पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय पर दिया जोर।

वंदे न्यूज़ नोएडा। नोएडा मीडिया क्लब में मंगलवार को सम्मान, विदाई और दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा के सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह और आगरा स्थानांतरित डीसीपी साद मियां खान के विदाई समारोह के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं। नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में उनके योगदान को याद किया गया।

मौजूद पत्रकारों ने उनके साथ कार्यकाल के दौरान बने सकारात्मक संबंधों और सहयोग की भावना का उल्लेख किया। साथ ही उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, नोएडा और ग्रेटर नोएडा जोन में सेवाएं दे चुके तथा वर्तमान में आगरा स्थानांतरित डीसीपी साद मियां खान को भी शॉल और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा, एसीपी प्रवीण कुमार सिंह, थाना सेक्टर-20 प्रभारी अरविंद कुमार सिंह और थाना सेक्टर-39 प्रभारी डीपी शुक्ला को भी स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजित दीपावली मिलन समारोह में पत्रकारों और पुलिस अधिकारियों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में आपसी सौहार्द, सम्मान और सहयोग की भावना देखने को मिली।

संयुक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में पुलिस और मीडिया दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। दोनों के बीच बेहतर संवा
द, पारदर्शिता और समन्वय से जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने और आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में मदद मिलती है।
नोएडा मीडिया क्लब की ओर से आयोजित यह समारोह पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संबंधों को मजबूत करने के साथ सम्मान, विदाई और दीपावली की खुशियां साझा करने का अवसर बना।