कोरोना काल में दिवंगत पत्रकारों को नोएडा मीडिया क्लब ने दी श्रद्धांजलि, स्मृति वन में हुआ कार्यक्रम
विधायक पंकज सिंह बोले- कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारों ने निभाया जनसेवा का दायित्व, उनका योगदान सदैव रहेगा अविस्मरणीय

नोएडा। कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करते हुए दिवंगत हुए पत्रकारों की स्मृति में शुक्रवार को नोएडा मीडिया क्लब की ओर से सेक्टर-73 स्थित स्मृति वन में श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष, समर्पण और पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की।
कार्यक्रम के दौरान स्मृति वन में स्थापित स्मारक पर दिवंगत पत्रकारों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मौजूद पत्रकारों और अतिथियों ने कोरोना महामारी के दौरान की कठिन परिस्थितियों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि संक्रमण के गंभीर खतरे के बावजूद पत्रकार लगातार मैदान में सक्रिय रहे और आमजन तक सूचनाएं पहुंचाने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते रहे।

पत्रकारों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा: पंकज सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पत्रकारों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य को प्राथमिकता दी। जब पूरा देश संकट के दौर से गुजर रहा था, उस समय पत्रकारों ने जोखिम उठाकर लोगों तक आवश्यक और महत्वपूर्ण सूचनाएं पहुंचाईं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में दिवंगत हुए पत्रकारों का योगदान समाज और पत्रकारिता जगत के लिए हमेशा स्मरणीय रहेगा।
दिवंगत पत्रकारों की स्मृतियों को संजोना जिम्मेदारी: आलोक द्विवेदी
नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि कोरोना काल में बिछड़े पत्रकार साथी केवल पत्रकारिता जगत की क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत पत्रकारों की स्मृतियों को जीवंत रखना और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
नोएडा मीडिया क्लब की ओर से बताया गया कि देशभर में कोरोना महामारी के दौरान दिवंगत हुए पत्रकारों की स्मृतियों को संजोने और उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से स्मृति वन में स्मारक का निर्माण कराया गया है। यह स्मारक उन पत्रकारों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की स्मृति को समर्पित है।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान स्मृति वन में माहौल भावुक रहा। उपस्थित लोगों ने दिवंगत पत्रकारों को नमन करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों और उनके योगदान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में पत्रकार एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में नोएडा मीडिया क्लब के महासचिव जय प्रकाश सिंह, उपाध्यक्ष अमित चौधरी, सचिव जगदीश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज वत्स, कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद शर्मा के साथ वरिष्ठ पत्रकार आरपी रघुवंशी, मोहम्मद आजाद, विनोद शर्मा, वीरेंद्र मलिक, अकरम चौधरी और आसिफ खान मौजूद रहे।
इसके अलावा नोएडा विधायक पंकज सिंह, सांसद डॉ. महेश शर्मा के प्रतिनिधि संजय बाली, नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन, उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष विकास जैन, मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यूके भारद्वाज, संयुक्त किसान मोर्चा के सुखबीर खलीफा, किसान नेता अशोक चौहान, ओम प्रकाश गुर्जर, अमित अवाना, भाजपा नेता अशोक चौहान, सपा नेता चौधरी जयकरण सिंह, बबलू चौहान और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के महानगर अध्यक्ष अजय पांडे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
