स्वच्छता सर्वेक्षण में नोएडा छठे नंबर पर, लेकिन गलियों की गंदगी और जलभराव खोल रहे सफाई व्यवस्था की पोल
चमकती सड़कों और चुनिंदा साफ इलाकों के दम पर मिली रैंकिंग या पूरे शहर की बदली तस्वीर? बारिश में नालियां, सड़कें और जलभराव बने नोएडा की असली चुनौती

वंदे न्यूज़ नोएडा। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में नोएडा ने देशभर में छठा स्थान हासिल कर भले ही बड़ी उपलब्धि दर्ज की हो, लेकिन शहर की जमीनी तस्वीर इस दावे पर कई सवाल खड़े करती है। एक तरफ नोएडा प्राधिकरण शहर को स्वच्छता के मामले में देश के अग्रणी शहरों में शामिल होने की उपलब्धि गिना रहा है, वहीं दूसरी तरफ शहर के कई सेक्टरों और अंदरूनी इलाकों में गंदगी, जलभराव और बदहाल नालियां लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई हैं।
नोएडा की कुछ प्रमुख सड़कें, व्यवस्थित सेक्टर और चमकते सार्वजनिक स्थान निश्चित रूप से शहर की अच्छी तस्वीर पेश करते हैं। संभव है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के मूल्यांकन में इन क्षेत्रों की बेहतर स्थिति का भी योगदान रहा हो। लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी शहर की स्वच्छता का आकलन केवल चुनिंदा साफ-सुथरे इलाकों के आधार पर किया जा सकता है?
शहर की छोटी-छोटी गलियों में सफाई व्यवस्था की स्थिति कई जगह चिंता का विषय बनी हुई है। अंदरूनी सड़कों के किनारे कचरा, नालियों में जमा गंदगी और नियमित सफाई की कमी जैसी समस्याएं स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी पैदा करती हैं। बारिश के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं। कई जगह नालियों का पानी सड़कों पर आने और जलभराव की समस्या सामने आती है।
हैरानी की बात यह है कि केवल छोटी गलियां ही नहीं, बल्कि कुछ प्रमुख सड़कों पर भी बारिश के दौरान आवागमन मुश्किल हो जाता है। जलभराव के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में शहर की स्वच्छता रैंकिंग और आम लोगों के रोजमर्रा के अनुभव के बीच अंतर साफ दिखाई देता है।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के अनुसार, शहर ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 में देश में छठा और उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। साथ ही 5-स्टार गार्बेज फ्री सिटी और वाटर प्लस प्रमाणन भी मिला है।
हालांकि, इन उपलब्धियों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्वच्छता का यह स्तर शहर के हर सेक्टर, हर गली और हर सड़क पर कब दिखाई देगा? केवल रैंकिंग हासिल करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका असर आम नागरिकों की जिंदगी में भी नजर आना चाहिए। नोएडा को छठे स्थान की उपलब्धि के साथ अब जमीनी सफाई व्यवस्था सुधारने पर भी उतना ही ध्यान देना होगा।