Vande News
NoidaBreaking

नोएडा में वास्तुकला विद्यार्थियों ने पेश किए शहर की समस्याओं के समाधान, ‘पीपल्स रूम’ थीम पर हुई प्रतियोगिता

DezignBank चैलेंज 2026 में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के वास्तुकला विद्यार्थियों ने सार्वजनिक स्थानों को बेहतर बनाने के लिए रचनात्मक डिजाइन प्रस्ताव पेश किए। एमिटी यूनिवर्सिटी की टीम ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 hours ago
Share:
नोएडा में वास्तुकला विद्यार्थियों ने पेश किए शहर की समस्याओं के समाधान, ‘पीपल्स रूम’ थीम पर हुई प्रतियोगिता

नोएडा। शहर के सार्वजनिक स्थानों को बेहतर और नागरिकों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से आयोजित DezignBank चैलेंज 2026 के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा संस्करण में वास्तुकला के विद्यार्थियों ने अपने अभिनव डिजाइन प्रस्ताव प्रस्तुत किए। सेक्टर-18, नोएडा स्थित एक स्थल को केंद्र में रखकर आयोजित इस अंतर-महाविद्यालयीय प्रतियोगिता की थीम ‘पीपल्स रूम’ रही।


प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शहरी जीवन से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों को वास्तुकला शिक्षा से जोड़ना और युवाओं को रचनात्मक समाधान तलाशने के लिए प्रोत्साहित करना था। इसके तहत विद्यार्थियों ने ऐसे सार्वजनिक स्थान की परिकल्पना प्रस्तुत की, जहां लोग आपस में मिल सकें, समय बिता सकें और शहर के साथ अपना जुड़ाव महसूस कर सकें।


प्रतियोगिता में एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा की The SPATialists टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। टीम में विनय त्यागी, तरंग सिंह, अनुश्री रविंद्र लांडे और लवली चौधरी शामिल रहे। वहीं, Anoushka Gaur, Samayra Asija, Tawisha Dixit और Kanwar Rudder Partap Singh की टीम URBAN ESTUARY ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर SNEHA & NITIN टीम रही, जिसमें स्नेहा शर्मा और नितिन कुमार शामिल हैं।



प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पर्ल अकादमी, नई दिल्ली के प्रो. तपन के. चक्रवर्ती, एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, ग्रेटर नोएडा के स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग के निदेशक प्रो. आनंद खत्री और एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा के फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन के डीन प्रो. (डॉ.) देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।


आयोजकों के मुताबिक, विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए डिजाइन प्रस्तावों को पहले नोएडा प्राधिकरण और उसके बाद केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत करने की योजना है। इसका उद्देश्य नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए संभावित समाधानों पर संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करना है।

आयोजकों की योजना इस पहल को स्थानीय स्तर से आगे बढ़ाकर पहले दिल्ली-एनसीआर और फिर राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की है। आगामी प्रतियोगिताओं में देश के विभिन्न शहरों की शहरी समस्याओं को विषय बनाकर वास्तुकला के विद्यार्थियों से डिजाइन समाधान आमंत्रित किए जाएंगे। अगले एनसीआर संस्करण के लिए जनवरी 2027 के अंत में प्रविष्टियां आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच को वास्तविक शहरी जरूरतों से जोड़ने और शहरों के विकास में युवा प्रतिभाओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।


Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →