ग्रेटर नोएडा से दो चरण में जुड़ेगा गंगा एक्सप्रेस-वे, NHAI करेगा 105 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण
ग्रेटर नोएडा को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण इस वित्तीय वर्ष में शुरू होगा। प्राधिकरण जमीन उपलब्ध कराएगा और एनएचएआई दो चरणों में सड़क का निर्माण करेगा, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

वंदे न्यूज़ संवाददाता: ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा को 105 मीटर चौड़ी सड़क से गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने का काम इस वित्तीय वर्ष में शुरू हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सड़क के लिए जमीन देगा, सड़क का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण करेगा। एनएचएआइ ने इसके लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को सहमति दे दी है। पहले चरण में जुनपत से बील अकबरपुर तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी।
दूसरे चरण में यह सड़क हापुड़ बाइपास पर एनएच नौ में जुड़ेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 143 बोर्ड बैठक में 105 मीटर चौड़ी सड़क को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने का निर्णय लिया गया था। अभी यह सड़क अल्फा गोलचक्कर से जुनपत तक करीब 6.5 किमी बनी है। ग्रेटर नोएडा रेलवे टर्मिनल, मल्टी माडल लाजिस्टिक हब और ट्रांसपोर्ट हब के लिए बेहद अहम यह सड़क ग्रेटर नोएडा फेज दो दादरी क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। 2011-12 में इस सड़क की योजना तैयार की गई थी, 1200 करोड़ रुपये खर्च कर जमीन भी खरीदी गई, लेकिन सड़क परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी।
सड़क के लिए फंसा पेंच
फेज दो स्थित हाइटेक सिटी परियोजना में सड़क के लिए जमीन का पेंच फंस गया। सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि समझौते के मुताबिक अंसल समूह को सड़क के लिए जमीन खरीदकर प्राधिकरण को देनी थी, इसके एवज में हाइटेक सिटी को इस सड़क से कनेक्टिविटी मिलनी थी, लेकिन वह जमीन के एवज में रकम की मांग कर रहा था। अब यह पेच सुलझ गया है।
हाइटेक सिटी से सड़क के लिए जमीन मिल गई है। कुछ जमीन और खरीदी जानी है, उनके खसरों को चिह्नित किया जा रहा है। प्राधिकरण यह जमीन खरीदकर एनएचएआइ को देगा। करीब 118 एकड़ जमीन और खरीदी जानी है। एनएचएआइ सड़क के निर्माण के लिए सहमति दे चुका है। निर्माण लागत भी एनएचएआइ वहन करेगा।
दो चरण में बनेगी सड़क
सड़क को दो चरण में बनाया जाएगा। पहले चरण में जुनपत से बील अकबरपुर तक करीब साढ़े पांच किमी सड़क का निर्माण होगा, जहां यह सड़क ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और एनएच 34 से जुड़ जाएगी। दूसरे चरण में इसका निर्माण बील अकबरपुर से हापुड़ बाइपास तक होगा।
हापुड़ बाइपास में यह सड़क एनएच नौ में जुड़ेगी। आगे करीब 15 किमी दूर सिंभावली के पास एनएच नौ गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ रहा है। इससे ग्रेटर नोएडा से गंगा एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी हो जाएगी।