Vande News
NationalBreaking

NH-8 पर 10 घंटे फंसा परिवार, NHAI की 1033 हेल्पलाइन से नहीं मिली प्रभावी मदद

अजमेर से जयपुर लौटते समय कार में आई तकनीकी खराबी, दो छोटे बच्चों के साथ हाईवे पर परेशान होता रहा परिवार; निजी मैकेनिक और टो क्रेन की लेनी पड़ी मदद।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
NH-8 पर 10 घंटे फंसा परिवार, NHAI की 1033 हेल्पलाइन से नहीं मिली प्रभावी मदद

वंदे न्यूज़ जयपुर। अजमेर से जयपुर लौट रहे एक परिवार के लिए करीब दो घंटे का सफर लगभग 10 घंटे की परेशानी में बदल गया। 15 नवंबर को पति-पत्नी अपने दो बच्चों, जिनकी उम्र दो और 11 साल है, के साथ अजमेर से जयपुर के लिए रवाना हुए थे। दोपहर करीब तीन बजे नेशनल हाईवे-8 (NH-8) पर उनकी कार में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। गाड़ी बार-बार बंद होने लगी। कुछ देर बाद स्टार्ट होती और एक-दो किलोमीटर चलने के बाद फिर रुक जाती।


परिवार ने शुरुआत में खुद ही समस्या को ठीक करने की कोशिश की। इस दौरान NHAI की 1033 इमरजेंसी हेल्पलाइन पर कई बार संपर्क किया गया। आसपास के मैकेनिकों के नंबर भी तलाशे गए, लेकिन तत्काल समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका।



मैकेनिक की कोशिशों के बाद भी नहीं चली कार

काफी इंतजार के बाद स्थानीय मैकेनिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार को स्टार्ट करने की कोशिश की और कुछ समय के लिए गाड़ी चालू भी हुई, लेकिन थोड़ी दूरी तय करने के बाद फिर बंद हो गई। कई प्रयासों के बावजूद कार ठीक नहीं हो सकी। इसके बाद परिवार ने वाहन को वर्कशॉप तक पहुंचाने के लिए टो क्रेन की व्यवस्था करने का फैसला किया।


NHAI क्रेन की सहायता को लेकर सामने आई जानकारी

परिवार के अनुसार, NHAI से संपर्क करने पर उन्हें बताया गया कि उपलब्ध क्रेन वाहन को मुख्य सड़क से हटाकर किनारे कर सकती है, लेकिन वर्कशॉप या सर्विस सेंटर तक नहीं पहुंचा सकती। ऐसे में परिवार को निजी टो क्रेन बुक करनी पड़ी। निजी क्रेन के मौके पर पहुंचने का अनुमानित समय रात आठ बजे बताया गया।



महिला की तबीयत बिगड़ी, हेल्पलाइन प्रतिनिधि ने की मदद की पेशकश

लंबे समय तक हाईवे पर फंसे रहने के दौरान परिवार की महिलासदस्य की तबीयत भी बिगड़ गई। उन्होंने हेल्पलाइन पर बातचीत के दौरान बताया कि अब उनके लिए फोन कॉल रिसीव करना भी मुश्किल हो रहा है। इस पर हेल्पलाइन के एक महिला प्रतिनिधि ने परिवार को नजदीकी होटल तक पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने की पेशकश की, ताकि वे वॉशरूम का इस्तेमाल कर सकें और कुछ देर आराम कर सकें।


इस पूरी घटना ने हाईवे पर आपातकालीन सहायता व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा और वाहन खराब होने की स्थिति में उपलब्ध सुविधाओं को लेकर चर्चा शुरू कर दी है। परिवार का कहना है कि उन्हें मुफ्त मरम्मत की आवश्यकता नहीं थी, बल्कि मुश्किल परिस्थिति में समय पर सहायता और सुरक्षित परिवहन की जरूरत थी।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →