Shaadi.com पर की दिल्ली की युवती से दोस्ती, मेरठ बुलाकर किया दुष्कर्म... अब कर रहा ब्लैकमेल
दिल्ली की एक युवती से शादी डाट काम पर दोस्ती कर मेरठ के एक होटल में दुष्कर्म किया गया। आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाकर युवती को ब्लैकमेल किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वंदे न्यूज़ संवाददाता, मेरठ दिल्ली की एक युवती से शादी डाट काम पर दोस्ती कर मेरठ के गढ़ रोड स्थित होटल में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा था। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत एडीजी और एसएसपी से की, जिसके बाद सिविल लाइन थाने को मुकदमे के आदेश दिए गए। सिविल लाइन पुलिस की जांच में यह पाया गया कि उक्त होटल मेडिकल थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए शिकायत पत्र मेडिकल थाने को भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली की रहने वाली युवती एक निजी कंपनी में काम करती है। युवती ने बताया कि फरवरी माह में सूरजकुंड निवासी खेल कारोबारी राहुल अग्रवाल ने शादी डाट काम पर युवती से दोस्ती की। उसके बाद युवती को मेरठ में बुलाया। गढ़ रोड स्थित होटल में युवती से दुष्कर्म कर उसकी वीडियो बनाई। उसके बाद ब्लैकमेल कर लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने कारोबारी के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। उसके बाद कारोबारी ने शादी करने से इन्कार कर दिया। उसके बाद युवती ने एसएसपी और एडीजी से मामले की शिकायत की। दोनों ही अफसरों ने युवती की शिकायत पत्र को सिविल लाइन थाने भेजकर मुकदमे के आदेश दिए। सिविल लाइन पुलिस ने घटनाक्रम मेडिकल थाना क्षेत्र का होने की वजह से शिकायत पत्र वहां पर भेज दिया।
एएसपी दीक्षा सिंह ने बताया कि मेडिकल पुलिस को पूरे घटनाक्रम में जांच के आदेश दिए है। युवती ने तीन साल पहले भी गंगानगर थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। उसके बाद मुकदमा वापस ले लिया था। ऐसे में पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।