Vande News
Uttar PradeshBreaking

देशभर में बारिश का कहर: दिल्ली-महाराष्ट्र में इमारतें ढहीं, गुजरात में 13 मौतें

देश के कई राज्यों में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़, भूस्खलन, इमारत ढहने और वज्रपात से कई लोगों की जान चली गई है।

V
Vande News
||3 min read|Updated 4 days ago
Share:
देशभर में बारिश का कहर: दिल्ली-महाराष्ट्र में इमारतें ढहीं, गुजरात में 13 मौतें

वंदे न्यूज़ संवाददाता,देशभर में मानसून ने विकराल रूप ले लिया है। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, केरल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कहीं इमारतें ढह गईं, तो कहीं बाढ़, भूस्खलन और वज्रपात ने लोगों की जान ले ली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।


दिल्ली में इमारत ढही, 4 लोगों की मौत


राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक नवनिर्मित पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों के लिए तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।


महाराष्ट्र: बाढ़ में बहे LPG सिलेंडर, इमारत भी गिरी


महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित HPCL पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने से प्लांट की दीवार टूट गई, जिसके बाद हजारों खाली LPG सिलेंडर पातालगंगा नदी और खारपाड़ा क्रीक में बह गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वहीं, पिंपरी चिंचवड़ में कचरे का विशाल ढेर गिरने से एक तीन मंजिला इमारत ढह गई। मलबे में करीब 16 लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।


नासिक में गोदावरी नदी उफान पर है, जबकि मुंबई में भारी बारिश के चलते लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।


गुजरात: सूरत में बाढ़ से 13 लोगों की मौत


गुजरात के सूरत में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई इलाकों में घरों, दुकानों और व्यावसायिक परिसरों में पानी भर गया। प्रशासन ने 3,400 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया और 3,800 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

पिछले 24 घंटों में बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 13 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकांश लोगों की मौत डूबने से हुई है।


उत्तराखंड में भूस्खलन से मार्ग बंद


उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। उत्तरकाशी में यमुनोत्री नेशनल हाईवे और नालूपानी क्षेत्र में लैंडस्लाइड से यातायात प्रभावित हुआ। टिहरी में NH-707A पर भूस्खलन के कारण एक मकान भी ढह गया।


मध्य प्रदेश: नदी में बहा युवक


मध्य प्रदेश के 27 जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। दमोह में सबसे अधिक 1.75 इंच वर्षा हुई। खरगोन जिले में रूपारेल नदी के तेज बहाव में एक युवक बह गया। कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।


केरल: वायनाड में भूस्खलन, 5 की मौत


केरल के वायनाड में सुरंग निर्माण स्थल पर हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। चार लोग अब भी लापता हैं। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।


उत्तर प्रदेश: वज्रपात से 3 किसानों की मौत


उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के बीच देवरिया, पीलीभीत और इटावा में आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत हो गई। वहीं आगरा, बदायूं और मथुरा में मकान और दुकान ढहने से कई लोग घायल हुए हैं।


IMD का अलर्ट


भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर सहित 17 राज्यों में भारी से अति भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →