Vande News
Maharashtra Breaking

नागपुर में E20 पेट्रोल के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, नितिन गडकरी के घर का घेराव करने की कोशिश, कई कार्यकर्ता हिरासत में

नागपुर में E20 पेट्रोल के विरोध में यूथ कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस ने गडकरी के इस्तीफे की मांग की।

V
Vande News
||2 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
नागपुर में E20 पेट्रोल के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, नितिन गडकरी के घर का घेराव करने की कोशिश, कई कार्यकर्ता हिरासत में

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नागपुर: E20 पेट्रोल को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को नागपुर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निजी आवास का घेराव करने की कोशिश की। हालांकि, भारी पुलिस बल की मौजूदगी और बैरिकेडिंग के चलते प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।


चिटनवीस पार्क से निकला विरोध मार्च


यूथ कांग्रेस का विरोध मार्च महल क्षेत्र स्थित चिटनवीस पार्क स्क्वायर से शुरू हुआ और नितिन गडकरी के आवास की ओर बढ़ा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने E20 पेट्रोल को आम लोगों और वाहन चालकों के लिए व्यावहारिक नहीं बताते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


पुलिस ने रोका, कई कार्यकर्ता हिरासत में


गडकरी के आवास के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पार करने की कोशिश करने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकते हुए कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।


E20 पेट्रोल को लेकर कांग्रेस का हमला


कांग्रेस लगातार E20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र सरकार और नितिन गडकरी को घेर रही है। पार्टी का कहना है कि संसद में 29 जुलाई को दिए गए मंत्री के जवाब से लोगों की शंकाएं दूर होने के बजाय और बढ़ गई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि E20 पेट्रोल को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताओं का संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।


जयराम रमेश ने उठाए सवाल


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार का दावा है कि E20 पेट्रोल को व्यापक वैज्ञानिक परीक्षण के बाद लागू किया गया है और इससे वाहनों को नुकसान होने का कोई ठोस प्रमाण नहीं है।


हालांकि, उन्होंने दावा किया कि देशभर से वाहन मालिकों और मैकेनिकों की ओर से माइलेज में कमी, इंजन की कार्यक्षमता प्रभावित होने, पुरानी गाड़ियों में कम्पैटिबिलिटी की समस्या, कोल्ड-स्टार्ट की दिक्कत, इंजेक्टर जाम होने, फ्यूल लाइन में जंग लगने और रबर के पुर्जों के खराब होने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं।


गडकरी के इस्तीफे की मांग


मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में सरकार को वाहन मालिकों की चिंताओं का स्पष्ट समाधान देना चाहिए।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →