मुजफ्फरनगर में बारिश बनी काल, कच्चा मकान ढहने से पिता समेत चार मासूम बच्चों की मौत
मुजफ्फरनगर के हबीबपुर गांव में तेज बारिश के दौरान कच्चा मकान ढह गया। हादसे में मजदूर इस्लामुद्दीन और उनके चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हैं। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

वंदे न्यूज़ संवाददाता , मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में रविवार शाम हुई तेज बारिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। बुढ़ाना क्षेत्र केहबीबपुर गांव में बारिश के दौरान एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में 52 वर्षीय इस्लामुद्दीन और उनके चार मासूम बच्चों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मलबे में दब गया पूरा परिवार
जानकारी के अनुसार, इस्लामुद्दीन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह ईंट-भट्ठों और खेतों में काम करने के साथ घोड़ा-तांगा भी चलाते थे। रविवार शाम अचानक तेज बारिश शुरू हुई, तभी उनका कच्चा मकान ढह गया। उस समय घर के अंदर इस्लामुद्दीन और उनके बच्चे मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनकी पत्नी पड़ोस में थीं। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
चार बच्चों की गई जान
हादसे में इस्लामुद्दीन के साथ उनके चार बच्चों रुखसार (12 वर्ष), अलसिफा (5 वर्ष), आहद (2 वर्ष) और आठ माह के जीशान की मौत हो गई। वहीं, सुकैया और सुमैय्या घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जेसीबी से हटाया गया मलबा
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ाना और फुगाना थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
गया।
प्रशासन ने शुरू की जांच
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। यह हादसा एक बार फिर बारिश के मौसम में जर्जर और कच्चे मकानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।