MP के सारंगपुर में उफनते नाले में बही कार, 7 लोगों की मौत; 2 को ग्रामीणों ने बचाया, 2 अब भी लापता
राजगढ़ के सारंगपुर में तेज बहाव वाले नाले को पार करते समय ईको कार बह गई। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, 2 को ग्रामीणों ने बचाया और 2 लोग अब भी लापता हैं।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर में सोमवार को बारिश के बीच बड़ा हादसा हो गया। पड़ाना कस्बे के पास तेज बहाव वाले उफनते नाले को पार करने की कोशिश में एक ईको कार बह गई। कार में चार बच्चों, चार महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल 11 लोग सवार थे।
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, पुलिस और प्रशासन की रेस्क्यू टीमों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद सात लोगों के शव बरामद किए। दो अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है।
तेज बहाव के बावजूद चालक ने नाला पार करने की कोशिश की
जानकारी के अनुसार, देवास जिले के सतवास गांव का एक परिवार ईको कार से राजगढ़ जिले की सारंगपुर तहसील के कड़नावद गांव स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रहा था। पड़ाना बायपास के पास सड़क के ऊपर से तेज बहाव के साथ नाले का पानी गुजर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को आगे जाने से रोकने की कोशिश की थी। लोगों ने बारिश रुकने और पानी का बहाव कम होने तक इंतजार करने की सलाह दी, लेकिन चालक ने कार को नाले के पानी में उतार दिया।
कुछ ही देर में तेज बहाव कार को अपनी चपेट में लेकर नाले की ओर बहा ले गया। देखते ही देखते कार गहरे पानी में समा गई।
ग्रामीणों ने दो लोगों को सुरक्षित निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। सारंगपुर एसडीएम और एसडीओपी समेत अधिकारी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गए। ग्रामीणों ने भी रस्सियों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग किया।
रेस्क्यू के दौरान सबसे पहले तीन वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। इसके बाद छह अन्य लोगों के शव भी निकाले गए। वहीं, दो पुरुषों मुकेश और हुकुमसिंह को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह करीब 11:30 बजे मिली हादसे की जानकारी
बताया जा रहा है कि कार धांसड़ गांव निवासी मुकेश नायक चला रहा था। मुकेश के भाई बाला नायक के मुताबिक, उन्हें हादसे की जानकारी सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे मिली। मुकेश ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर घटना की सूचना दी थी।
फिलहाल दो लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बरामद शवों को पड़ाना में रखा गया है। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
कार में सवार लोगों के नाम
धांसड़ गांव के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश पटेल के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में कार में शंकर, विशाल, सागरबाई, पूजा, रीनू, हुकुम, वंशिका, राजवीर, जसप्रीत, आनंद और ड्राइवर मुकेश के सवार होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। रेस्क्यू पूरा होने के बाद घटना में हताहत लोगों की स्थिति और पहचान की आधिकारिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है।