महू में बिजली-पानी संकट पर 500 परिवारों का प्रदर्शन, महू-नीमच मार्ग पर लगा जाम
महू की रॉयल टाउन कॉलोनी में चार-पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने और पानी की परेशानी के विरोध में 500 से अधिक परिवारों ने चक्काजाम किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद यातायात बहाल हुआ।

वंदे न्यूज़ मध्य प्रदेश । मध्य प्रदेश के महू स्थित रॉयल टाउन कॉलोनी में बिजली और पानी की समस्या से परेशान रहवासियों का गुस्सा गुरुवार सुबह फूट पड़ा। कॉलोनी के 500 से अधिक परिवारों ने मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने के विरोध में महू-नीमच मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूल बसों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चार-पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप
रॉयल टाउन कॉलोनी की रहवासी टीना जादौन सहित अन्य लोगों ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। बिजली नहीं होने के कारण पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इससे बच्चों, महिलाओं और अन्य परिवारों को रोजमर्रा के काम करने में मुश्किलें आ रही हैं।
रहवासियों के मुताबिक, कॉलोनी को बसे हुए करीब 17 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी उन्हें बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि हर महीने 1,000 से 1,500 रुपये तक बिजली बिल चुकाने के बावजूद नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली की समस्या को लेकर बिजली विभाग और कॉलोनाइजर से कई बार शिकायत की गई। कलेक्टर कार्यालय सहित संबंधित अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लगातार परेशानी झेलने के बाद रहवासियों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ चक्काजाम
चक्काजाम की सूचना मिलने पर किशनगंज थाना पुलिस, एसडीएम राकेश परमार और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद रहवासियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर यातायात बहाल हो गया।
अब कॉलोनी के रहवासियों को बिजली और पानी की समस्या के स्थायी समाधान का इंतजार है।