Vande News
NationalBreaking

हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर लखनऊ में अधिवक्ताओं का विधानसभा घेराव, गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना और अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन, अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदीला ने संघर्ष को बताया आम जनता के न्याय से जुड़ा मुद्दा

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर लखनऊ में अधिवक्ताओं का विधानसभा घेराव, गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन ने उठाई आवाज

वंदे न्यूज़ लखनऊ/ग्रेटर नोएडा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना और अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू कराने की मांग को लेकर शनिवार को लखनऊ में अधिवक्ताओं ने विधानसभा का घेराव किया। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर की ओर से इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोडाकी) एडवोकेट और सचिव शोभाराम चंदीला एडवोकेट ने इस संघर्ष को अधिवक्ताओं के अधिकारों के साथ-साथ आम जनता को सुलभ न्याय दिलाने की महत्वपूर्ण लड़ाई बताया।



बार एसोसिएशन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, विधानसभा घेराव के दौरान हाईकोर्ट बेंच की स्थापना और अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान अधिवक्ताओं के ऐतिहासिक संघर्ष, उनके अथक प्रयासों और त्याग को भी सामने रखा गया।

अध्यक्ष मनोज भाटी और सचिव शोभाराम चंदीला ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना केवल अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों का विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की आम जनता को सुलभ, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने से भी जुड़ा हुआ है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट बेंच स्थापित होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को न्याय पाने के लिए लंबी दूरी तय करने की परेशानी से राहत मिल सकेगी।



उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर बार एसोसिएशन हमेशा से इस न्यायोचित मांग को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी पूरी एकजुटता एवं दृढ़ संकल्प के साथ संघर्ष जारी रखेगी।


इस अवसर पर हाईकोर्ट बेंच केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन अनुज शर्मा, संयोजक परवेज आलम समेत प्रदेश की विभिन्न बार एसोसिएशनों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

अधिवक्ताओं ने दोनों मांगों को लेकर एकजुटता प्रदर्शित करते हुए आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकल्प जताया।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →