Vande News
NationalBreaking

कोच्चि मर्सिडीज हादसा: मृतक की बेटी का आरोप, पिता के रुतबे से बच रहा आरोपी

कोच्चि मर्सिडीज हादसे में 55 वर्षीय जयाबालकृष्णन की मौत के बाद उनकी बेटी भद्रकीर्ति ने आरोपी को दो बार जमानत मिलने, पुलिस की कार्रवाई और निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल उठाए हैं।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 month ago
Share:
कोच्चि मर्सिडीज हादसा: मृतक की बेटी का आरोप, पिता के रुतबे से बच रहा आरोपी

वंदे न्यूज़ केरल ।  केरल के कोच्चि में तेज रफ्तार मर्सिडीज-बेंज कार की टक्कर से 55 वर्षीय जयाबालकृष्णन की मौत के मामले में पीड़ित परिवार ने न्याय व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। मृतक की बेटी भद्रकीर्ति का आरोप है कि आरोपी नाबालिग को उसके पिता के प्रभाव के कारण राहत मिल रही है। आरोपी के पिता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बताए जा रहे हैं।


परिवार के अनुसार, जयाबालकृष्णन सड़क किनारे खाना बेचकर परिवार का गुजारा करते थे। हादसे वाली रात उनकी बेटी ने उनसे आखिरी बार रात 1:49 बजे बात की थी। वह काम खत्म कर घर लौट रहे थे। आरोप है कि रविवार तड़के करीब 2:20 बजे 104 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही मर्सिडीज ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। भद्रकीर्ति को सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस ने फोन कर इसकी सूचना दी।


आरोपी को दो बार जमानत मिलने पर सवाल

पीड़ित परिवार का आरोप है कि हादसे के लगभग 45 मिनट बाद आरोपी के पिता पुलिस थाने पहुंच गए और नाबालिग को पहली बार थाने से ही जमानत मिल गई। बाद में विरोध प्रदर्शन के बीच उसे मजिस्ट्रेट के सामने दोबारा जमानत मिलने की बात सामने आई। इस घटनाक्रम को लेकर परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।


सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी आरोप

परिवार ने आरोपी के पहली बार कार चलाने के दावे पर भी सवाल उठाए हैं। भद्रकीर्ति का कहना है कि उनके पास ऐसे सबूत हैं, जिनसे पता चलता है कि आरोपी पहले भी गाड़ी चलाता था। आरोप है कि उसके सार्वजनिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तेज रफ्तार में मर्सिडीज चलाने वाली रील्स मौजूद थीं, जिन्हें हादसे के बाद हटा दिया गया और अकाउंट निजी कर दिया गया।


भद्रकीर्ति ने आरोप लगाया कि उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया और पुलिस ने प्रभावशाली परिवार के सामने सख्ती नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग उठ रही है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →