Vande News
EducationBreaking

JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन, रागिनी सिंह बोलीं- CBI जांच तक जारी रहेगा संघर्ष

झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन जारी है। रागिनी सिंह ने CBI जांच की मांग की है।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ रांची में छात्रों का आंदोलन, रागिनी सिंह बोलीं- CBI जांच तक जारी रहेगा संघर्ष

वंदे न्यूज़ संवाददाता,रांची : झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर छात्रों का विरोध लगातार बढ़ रहा है। 14वीं जेपीएससी परीक्षा के परिणाम रद्द करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र रांची में आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलनकारी छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


पेपर लीक के आरोपों की जांच की मांग


छात्रों का आरोप है कि पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों से मेहनत कर तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


छात्रों के आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है।

विधानसभा के बाहर NDA विधायकों का प्रदर्शन


झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और सीटों की खरीद-फरोख्त के आरोपों की जांच की मांग को लेकर NDA विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।


प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया। इस दौरान झरिया विधायक रागिनी सिंह भी प्रदर्शन में शामिल हुईं।


रागिनी सिंह ने की CBI जांच की मांग


रागिनी सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।


उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी को उसकी मेहनत और योग्यता के आधार पर समान अवसर मिलना चाहिए। रागिनी सिंह ने राज्य सरकार से JPSC-JSSC परीक्षाओं में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग की।


उन्होंने कहा कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।


आंदोलनकारी छात्रों से मिलीं रागिनी सिंह


रागिनी सिंह ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों को सुना।


छात्र 14वीं JPSC के परिणाम को रद्द करने और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग पर आंदोलन कर रहे हैं।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →