बिना हाथ धोए खाना परोसने पर देवर ने की भाभी की हत्या, सिर काटकर पेड़ पर टांगा
बिहार के जहानाबाद जिले के इमादपुर गांव में बिना हाथ धोए खाना परोसने के विवाद में देवर ने अपनी 22 वर्षीय भाभी की कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कटारी बरामद कर ली है।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,जहानाबाद : बिहार के जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में बुधवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया। पुलिस के अनुसार, मामूली विवाद के बाद एक युवक ने अपनी 22 वर्षीय भाभी अंशु कुमारी की चारा काटने वाली कटारी से हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पहले महिला का सिर धड़ से अलग किया और फिर उसे गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास बरगद के पेड़ पर टांग दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कुणाल को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कटारी भी बरामद कर ली गई है।
खाना परोसने को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार सुबह खेत में धान का बिचड़ा उखाड़ने गए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी खेत में काम करने निकले हुए थे, जबकि अंशु कुमारी घर पर अकेली खाना बना रही थी।इसी दौरान देवर कुणाल घर पहुंचा और खाना मांगा। आरोप है कि खाना परोसते समय हाथ न धोने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने कटारी से हमला कर महिला की हत्या कर दी।
पेड़ पर सिर टांगने से फैली सनसनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर सिर को हाथ में लेकर घर से बाहर निकला और आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित बरगद के पेड़ पर टांग दिया। यह दृश्य देखकर गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह सिर को वापस घटनास्थल पर शव के पास रखकर वहीं बैठ गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सर्वनारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी कुणाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कटारी बरामद कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह खेत में काम कर रहे थे और उन्हें इस वारदात की जानकारी नहीं थी।
मायके पक्ष को दी गई सूचना
घटना की सूचना मृतका के मायके अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव भेजी गई। सूचना मिलने के बाद मृतका की मां और अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, अंशु कुमारी की शादी लगभग एक वर्ष पहले धर्मेंद्र कुमार से हुई थी।
नशे और मानसिक स्थिति के पहलू की भी जांच
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी कुणाल रोज सुबह पुलिस बहाली की तैयारी के लिए दौड़ लगाता था। वहीं कुछ लोगों ने उसके नशा करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से कई सैंपल एकत्र किए हैं। बरगद के पेड़ की वह टहनी भी जब्त की गई है, जिस पर खून के निशान पाए गए।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी कोणों से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
