जौनपुर में पत्नी की विदाई न होने पर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
जौनपुर में पत्नी की विदाई न होने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस, प्रशासन और परिजनों की समझाइश के बाद 3 घंटे में सुरक्षित नीचे उतरा।

वंदे न्यूज़ | जौनपुर: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पत्नी की विदाई न होने से नाराज एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस, प्रशासन और परिजनों की समझाइश से युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के चाचकपुर फूलमंडी निवासी गुलशन मौर्य का कुछ दिन पहले अपनी पत्नी साधना मौर्य से पारिवारिक विवाद हो गया था। विवाद के बाद साधना अपने मायके, लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सैदनपुर गांव चली गई थी।
शुक्रवार रात गुलशन पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचा, लेकिन ससुराल पक्ष ने विदाई से इनकार कर दिया। इससे आहत होकर वह जफराबाद थाना क्षेत्र के नेवादा गांव स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
सूचना मिलते ही जफराबाद थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, शहर कोतवाल अनीता सिंह, लाइनबाजार थानाध्यक्ष के.के. सिंह, जलालपुर थानाध्यक्ष सतेंद्र विक्रम सिंह समेत कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस को भी तैनात किया गया।
करीब तीन घंटे तक पुलिस युवक को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन वह पत्नी की विदाई की मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों को मौके पर बुलाया। बातचीत के दौरान ससुराल पक्ष ने विदाई कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद युवक शांत हुआ और रात करीब 11 बजे सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया।
पुलिस युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसकी मां और भाई के सुपुर्द कर दिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।