Vande News
Uttar PradeshBreaking

दिल्ली के जंतर-मंतर से iPhone चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार, कन्नौज पुलिस मुठभेड़ में 37 मोबाइल बरामद

दिल्ली के जंतर-मंतर से 9 iPhone चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपी कन्नौज पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार। 37 चोरी के मोबाइल, हथियार और बाइक बरामद।

V
Vande News
||2 min read|Updated 4 weeks ago
Share:
दिल्ली के जंतर-मंतर से iPhone चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार, कन्नौज पुलिस मुठभेड़ में 37 मोबाइल बरामद

वंदे न्यूज़ संवाददाता,कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन के दौरान मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 चोरी के मोबाइल फोन, तीन अवैध तमंचे और एक बाइक बरामद की है।


चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग


पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सौरिख थाना पुलिस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे लिंक रोड स्थित ऋषि भूमि तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में इटावा निवासी राजीव कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी भूरा उर्फ जितेंद्र उर्फ रामपाल (मैनपुरी) और मोहित गिहार (फिरोजाबाद) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।


जंतर-मंतर से 9 iPhone चोरी करने का दावा


पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जनसभाओं, मेलों और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में मोबाइल चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे छात्र प्रदर्शन के दौरान 9 iPhone चोरी करने की बात स्वीकार की है।


37 मोबाइल और हथियार बरामद


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 37 चोरी के मोबाइल फोन, तीन अवैध तमंचे और एक बाइक बरामद की है। एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब ₹25 लाख है, जिनमें 9 iPhone की कीमत लगभग ₹22 लाख बताई गई है।


मोबाइल के पार्ट्स बेचता था गिरोह


प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए मोबाइलों को खोलकर उनके महंगे पार्ट्स अलग-अलग दुकानदारों को बेच दिए जाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह गुरु पूर्णिमा मेले में भी मोबाइल चोरी की योजना बनाकर निकला था, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →