जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में LoC पर माइन ब्लास्ट, सेना के दो जवान घायल; एयरलिफ्ट कर श्रीनगर भेजा गया
जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में LoC के पास माइन ब्लास्ट में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए। दोनों को एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के सेना बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास मंगलवार को हुए माइन विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए। घटना के बाद दोनों जवानों को तत्काल हेलीकॉप्टर के जरिए श्रीनगर स्थित सेना के बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उड़ी के कामालकोट सब-सेक्टर में अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट के पास हुई। यह इलाका नियंत्रण रेखा के निकट स्थित संवेदनशील क्षेत्र है, जहां 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत 8 राष्ट्रीय राइफल्स (8 RR) की तैनाती है।
बताया जा रहा है कि जवान नियमित गश्त और ड्यूटी पर थे, तभी क्षेत्र में मौजूद एक माइन में विस्फोट हो गया। धमाके में दो सैनिक घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सेना ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों जवानों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल सैनिकों की पहचान दफादार विजय कुमार (42) और नायक शरणप्पा अंगारी (28) के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हेलीकॉप्टर से श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस अस्पताल भेजा गया। सेना के अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवानों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद सेना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी अभियान भी तेज कर दिया है। माइन विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।
