गुना गैंगरेप केस: पांच आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया सामान बरामद; दो की तलाश जारी
मध्य प्रदेश के गुना गैंगरेप मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लूटा गया मोबाइल और पर्स बरामद, दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गुना (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के गुना जिले में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पीड़िता का लूटा गया मोबाइल फोन, पर्स और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि वारदात में कुल सात आरोपी शामिल थे, जिनमें से दो की तलाश जारी है।
दर्शन कर लौटते समय हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से झारखंड की रहने वाली है और कोलकाता में कार्यरत है। वह अपने परिचित से मिलने नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) विजयपुर आई थी। गुरुवार रात टेकरी सरकार के दर्शन कर अपने साथी के साथ बाइक से लौटते समय बदमाशों ने बाइक पंचर होने का झांसा देकर उन्हें रोक लिया।
इसके बाद आरोपियों ने दोनों को जबरन बोरखेड़ा के जंगल में ले जाकर युवक को बंधक बना लिया और युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने दोनों से मोबाइल, पर्स और बाइक भी लूट ली।
पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में बबलू बंजारा, महेंद्र बंजारा, दिनेश बंजारा, छोटू बंजारा और सरदार बंजारा को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस पहुंची तो जंगल से भागे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान पीड़िता ने लगातार विरोध किया और शोर मचाया। इसी बीच आसपास गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को आता देख आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए। बाद में पीड़िता और उसके साथी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फरार दो आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मामले की जांच जारी है।
