गुजरात में पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी, कई जिलों में हाई अलर्ट; जांच में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
गुजरात के सूरत, नवसारी, भरूच और नर्मदा में पासपोर्ट कार्यालयों व डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, BDDS और साइबर टीम जांच में जुटी।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,अहमदाबाद: गुजरात के कई जिलों में पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। सूरत, नवसारी, भरूच और नर्मदा में ई-मेल के जरिए मिली धमकियों के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्तों और खुफिया एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
सूरत और नवसारी में तत्काल शुरू हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सूरत के उमरा (पिपलोद) स्थित पासपोर्ट कार्यालय और नानपुरा डाकघर को धमकी भरा ई-मेल मिला। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों परिसरों को एहतियातन खाली कराया और डॉग स्क्वायड तथा बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड (BDDS) की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया।
इसी तरह नवसारी के मुख्य डाकघर को भी धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटों तक चली जांच के बाद वहां भी कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
भरूच और नर्मदा में सुरक्षा बढ़ाई गई
धमकी को गंभीरता से लेते हुए गृह विभाग के निर्देश पर भरूच और नर्मदा जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। भरूच के मुख्य डाकघर समेत जिले के विभिन्न डाकघरों में पुलिस और BDDS की टीमों ने विस्तृत जांच की। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।
वहीं, नर्मदा जिले के राजपीपला स्थित मुख्य डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र में भी तलाशी अभियान चलाया गया। उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र देवधा के नेतृत्व में टाउन पुलिस, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और बम निरोधक दस्ते ने परिसर, पार्सल सेक्शन और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कुछ समय के लिए कार्यालयों का कामकाज रोका गया, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।
साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की तलाश में
मामले की जांच अब साइबर क्राइम ब्रांच और अन्य तकनीकी एजेंसियां कर रही हैं। जांच का फोकस धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले के IP एड्रेस, डिजिटल ट्रेल और संभावित संदिग्धों की पहचान पर है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
