Vande News
NationalBreaking

ग्रेटर नोएडा में महिला दरोगा रश्मि गौतम का शव बाथरूम में मिला, जांच में जुटी पुलिस

जारचा थाने में तैनात थीं 2023 बैच की SI रश्मि गौतम, पिता के फोन करने पर सहकर्मी पहुंची थीं आवास, पुलिस जांच में जुटी

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 week ago
Share:
ग्रेटर नोएडा में महिला दरोगा रश्मि गौतम का शव बाथरूम में मिला, जांच में जुटी पुलिस

वंदे न्यूज़ ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक महिला पुलिस अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जारचा थाना क्षेत्र में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) रश्मि गौतम का शव मंगलवार सुबह उनके सरकारी आवास के बाथरूम में मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


मिली जानकारी के मुताबिक, रश्मि गौतम वर्ष 2023 बैच की सब-इंस्पेक्टर थीं और ग्रेटर नोएडा के जारचा थाने में तैनात थीं। वह मूल रूप से कानपुर की रहने वाली थीं और थाना परिसर में बने आवास में अकेली रहती थीं।


बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह काफी देर तक रश्मि गौतम का फोन रिसीव नहीं हुआ। उनके पिता ने कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने रश्मि की एक महिला सहकर्मी को फोन कर उनसे संपर्क करने के लिए कहा।

पिता का फोन आने के बाद महिला सहकर्मी रश्मि के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर तक अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर उन्होंने मामले की जानकारी तुरंत थाना प्रभारी को दी।


सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसे तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। वहां रश्मि गौतम बाथरूम में अचेत अवस्था में मिलीं। पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। वहीं, महिला दरोगा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

पुलिस की ओर से मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →