Vande News
NationalBreaking

ग्रेटर नोएडा में पति-पत्नी और तीन बच्चों की संदिग्ध मौत, रात में नूडल्स खाकर सोया था परिवार

रबूपुरा के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत मिले, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण।

V
Vande News
||2 min read|Updated 1 month ago
Share:
ग्रेटर नोएडा में पति-पत्नी और तीन बच्चों की संदिग्ध मौत, रात में नूडल्स खाकर सोया था परिवार

वंदे न्यूज़ ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध नगर के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्री पदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन नाबालिग बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महेश (37) अपनी पत्नी ललिता (35) और तीन बच्चों के साथ गांव में रहते थे। बताया जा रहा है कि परिवार ने रात में नूडल्स खाए थे और इसके बाद सभी सोने चले गए। सुबह काफी देर तक परिवार के सदस्यों के नहीं उठने पर लोगों को संदेह हुआ। जांच करने पर पांचों सदस्य बिस्तर पर मृत पाए गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।



तीन मासूम बच्चों की भी मौत

पुलिस के अनुसार, मृत बच्चों की पहचान लड्डू (11), मिष्टी (7) और साक्षात (3) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।


फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। आसपास के लोगों और महेश की मां के अनुसार, परिवार ने रात में नूडल्स का सेवन किया था। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि पांचों की मौत का संबंध नूडल्स खाने से है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।


पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →