ग्रैंड अजनारा हेरिटेज में कविता, हास्य और तालियों से सजी शाम
सेक्टर-74 में लगातार तीसरे वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों की प्रस्तुतियों पर गूंजे ठहाके और तालियां, देर रात तक जमा रहा साहित्य प्रेमियों का उत्साह।

वंदे न्यूज़ नोएडा। सेक्टर-74 स्थित ग्रैंड अजनारा हेरिटेज में रविवार को एओए की ओर से ‘एक शाम ग्रैंड अजनारा हेरिटेज के नाम’ कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। लगातार तीसरे वर्ष आयोजित इस साहित्यिक कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, गीत, गजल और संवेदनशील कविताओं ने श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। कवियों की प्रस्तुतियों पर परिसर तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।
हास्य कवि विनोद पाण्डेय के संयोजन एवं संचालन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विनोद पाण्डेय ने अपनी हास्य-व्यंग्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह बनाए रखा।
कवि सुनहरी लाल तुरन्त की हास्य रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर ठहाके लगाए। वहीं मोहित सक्सेना ने अपने गीत ‘आज भी सस्ता है’ के माध्यम से श्रोताओं का दिल जीत लिया। शशि पाण्डेय ने अपनी व्यंग्यात्मक रचना ‘आईना दिखाओ तो बुरा सा लगता है’ के जरिए सामाजिक परिस्थितियों पर तीखे अंदाज में कटाक्ष किया। शिवांगी प्रेरणा ने अपनी संवेदनशील रचना प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम में सोसायटी के निवासियों के साथ शहर के कई कविता प्रेमी भी शामिल हुए। सभी ने कवियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और देर रात तक साहित्यिक माहौल का हिस्सा बने रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी निखिल सिंघल उपस्थित रहे। अति विशिष्ट अतिथियों में डॉ. पीयूष द्विवेदी, चेयरमैन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, दिल्ली-एनसीआर तथा महेश सक्सेना, महासचिव नोएडा लोकमंच शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. महिपाल सिंह और डॉ. नीरज शर्मा भी मौजूद रहे।
एओए अध्यक्ष विशाल शर्मा, महासचिव योगेश कुमार, उपाध्यक्ष गोविंद मेहता और कोषाध्यक्ष विवेक त्यागी सहित पूरी कार्यकारिणी ने अतिथियों का स्वागत किया।
समापन पर संयोजक विनोद पाण्डेय ने कहा कि कविता दिलों को जोड़ती है और जब समाज एक साथ आता है तो हर शाम यादगार बन जाती है। आयोजकों ने सभी अतिथियों और निवासियों का आभार व्यक्त किया।