Vande News
NationalBreaking

उत्तराखंड हाईकोर्ट ने गिरधारी लाल साहू को राहत देने से किया इनकार, FIR रद्द करने की याचिका खारिज

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति के खिलाफ दर्ज मामले में कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने से भी किया इनकार, घरेलू हिंसा, धोखाधड़ी और जातिसूचक टिप्पणी समेत कई गंभीर आरोपों की होगी जांच

V
Vande News
||3 min read|Updated 3 weeks ago
Share:
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने गिरधारी लाल साहू को राहत देने से किया इनकार, FIR रद्द करने की याचिका खारिज

वंदे न्यूज़ नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को बड़ा झटका दिया है। अदालत ने उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति आलोक महरा की अदालत ने मामले को गंभीर प्रकृति का बताते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया इसमें सामान्य वैवाहिक विवाद से कहीं अधिक गंभीर आरोप शामिल हैं। ऐसे में इस स्तर पर एफआईआर निरस्त करने का कोई आधार नहीं बनता।


दरअसल, देहरादून के कैंट थाने में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत पर उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।


शादी और पहली पत्नी की बात छिपाने का आरोप

शिकायत में रेखा आर्या ने आरोप लगाया है कि शादी के समय साहू ने अपनी पहली शादी और बच्चों से जुड़ी जानकारी छिपाई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में अन्य महिलाओं से संबंधों का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और जातिसूचक अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।

इसके अलावा, शिकायत में कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेज तैयार करने का आरोप भी लगाया गया है। रेखा आर्या का दावा है कि उन्होंने कभी अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया था।


ऑडियो रिकॉर्डिंग में हत्या की साजिश का आरोप

मामले में एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि इसमें रेखा आर्या को रास्ते से हटाने और इसके लिए पैसे खर्च करने की बात सामने आई है। हालांकि, ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता की जांच होना अभी बाकी है।


कोर्ट ने कहा- जांच का विषय हैं आरोप

सुनवाई के दौरान साहू के वकीलों ने दलील दी कि दोनों की शादी जुलाई 2004 में हुई थी और वे करीब 22 वर्षों से साथ रह रहे हैं। उनके अनुसार, यह घरेलू विवाद है, जिसे आपराधिक मामला बनाया गया है।

वहीं, सरकारी वकील और रेखा आर्या की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने याचिका का विरोध करते हुए आरोपों की गंभीरता और जांच में सहयोग नहीं करने का मुद्दा उठाया।


दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि लंबे वैवाहिक संबंध होने मात्र से बाद में सामने आए कथित अपराधों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अदालत ने स्पष्ट किया कि फर्जी दस्तावेजों और ऑडियो रिकॉर्डिंग की वास्तविकता जांच एवं विचारण का विषय है। सुप्रीम कोर्ट के स्थापित न्यायिक सिद्धांतों का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि इस स्तर पर मिनी-ट्रायल नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर याचिका खारिज कर दी गई।

Share:
V
Vande News

Reporter at Vande News

View all articles →