नोएडा के यूरोकिड्स प्रीस्कूल में चार दिवसीय ‘दान उत्सव’ का आयोजन, बच्चों ने सीखे दया और सहयोग के संस्कार
चार दिनों तक चली विभिन्न गतिविधियों में बच्चों ने दयालुता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश दिया।

नोएडा। सेक्टर-104 स्थित यूरोकिड्स प्रीस्कूल में दया, करुणा और दूसरों की मदद करने की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार दिवसीय ‘दान उत्सव’ का आयोजन किया गया। इस दौरान नन्हे बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर जरूरतमंदों की सहायता करने, प्रकृति की रक्षा करने और दूसरों के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश दिया।
स्कूल की संचालक किम्मी के. ने बताया कि उत्सव की शुरुआत ‘काइंडनेस डे’ यानी दयालुता दिवस से हुई। इस अवसर पर बच्चों ने प्रीस्कूल के सहायकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके लिए सुंदर थैंक-यू कार्ड बनाए।
दूसरे दिन ‘ग्रीन डे’ मनाया गया, जिसके तहत बच्चों ने वृक्षारोपण गतिविधि में हिस्सा लिया। इस पहल के माध्यम से उन्हें पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
उत्सव के तीसरे दिन स्टेशनरी डोनेशन ड्राइव आयोजित की गई। इसमें बच्चों को एक एनजीओ द्वारा संचालित स्कूल के विद्यार्थियों के लिए स्टेशनरी सामग्री दान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं, चौथे दिन बच्चों ने गौशाला का दौरा किया और गायों के लिए हरा चारा व गुड़ दान किया। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कपड़े और खिलौने भी दान किए गए।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, इस चार दिवसीय आयोजन का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही सहानुभूति, कृतज्ञता, उदारता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का विकास करना था। स्कूल का मानना है कि दयालुता के छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं और दूसरों की मदद करने में ही देने की असली खुशी छिपी है।