धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सोनम वांगचुक का बड़ा बयान, बोले- 'यह लोकतंत्र, शांति और धैर्य की जीत'
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सोनम वांगचुक का पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने इसे लोकतंत्र, शांति और धैर्य की जीत बताया है। जानिए उन्होंने क्या कहा।

वंदे न्यूज़ संवाददाता,नई दिल्ली/गुरुग्राम : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के मंत्री पद से इस्तीफे के बाद प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचाराधीन सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर कर इसे देश के लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया है।
'यह प्रत्यक्ष लोकतंत्र की जीत'
सोनम वांगचुक ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर लिखा कि यह इस्तीफा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष लोकतंत्र की जीत है, जो सड़कों से होते हुए देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था तक पहुंची है।
उन्होंने अपने संदेश में मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया:
- शांति और संयम: यह शांति, सब्र और लगन की जीत है।
- युवाओं की भागीदारी: उन्होंने देश की 'जेन-जी' (Gen-Z) पीढ़ी, CJP और उन तमाम नागरिकों को बधाई दी, जिन्होंने डर के माहौल को पीछे छोड़कर देश के हर कोने से अपनी आवाज बुलंद की।
- सामूहिक एकजुटता: जनता की एकजुटता और शांतिपूर्ण तरीके से उठाई गई आवाज ने आखिरकार सरकार में जवाबदेही तय करने का रास्ता साफ किया है।
सुधारों की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर
वांगचुक ने इस घटनाक्रम को केवल एक इस्तीफे तक सीमित न रखते हुए इसे व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सुनहरा अवसर बताया है। उन्होंने कहा कि अब जवाबदेही तय हो चुकी है और देश को सुधारों की दिशा में आगे बढ़ने की जरूरत है।