दिल्ली: गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा, बाइक समेत नीचे गिरे तीन युवक, हालत गंभीर
दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर हुए एक हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. फ्लाईओवर के ऊपर एक बाइक मिली, जबकि उस पर सवार तीन लोग नीचे गिरे हुए पाए गए. हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किसी वाहन की टक्कर से हुई या फिर बाइक का संतुलन बिगड़ने की वजह से.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई. इसके तुरंत बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि तीनों लोग फ्लाईओवर से नीचे कैसे गिरे. जांच में यह देखा जा रहा है कि कहीं बाइक का संतुलन बिगड़ने से हादसा तो नहीं हुआ. साथ ही इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि किसी दूसरे वाहन की टक्कर की वजह से यह दुर्घटना हुई. पुलिस घटना की जगह से जरूरी सबूत इकट्ठा कर रही है.
साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं, जिससे हादसे की असली वजह साफ हो सके. बता दें कि सड़क हादसों में दोपहिया वाहन सवार सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 में देशभर में करीब 4.87 लाख सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं. यह आंकड़ा 2023 की तुलना में 1.48 प्रतिशत ज्यादा रहा. सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इन हादसों में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1.77 लाख से भी अधिक हो गई है.